Mandsaur Road Accident:मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे की कनेक्टिविटी के पास बुधवार को एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार परिवार को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण सड़क हादसे में पांच महीने की गर्भवती महिला और उसकी छोटी बहन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मृतका का पति और डेढ़ साल की मासूम बेटी गंभीर रूप से घायल हो गए। इस दर्दनाक हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार को पल भर में उजाड़ कर रख दिय
दूधाखेड़ी माता के दर्शन कर लौट रहा था परिवार
Mandsaur Road Accident:प्राप्त जानकारी के अनुसार, उज्जैन जिले के नाग गुराड़िया गांव के रहने वाले अर्जुन अपनी पत्नी सपना (जो 5 महीने की गर्भवती थीं), अपनी डेढ़ साल की बेटी सोमिया और साली राधा के साथ बाइक पर सवार होकर प्रसिद्ध धार्मिक स्थल दूधाखेड़ी माता के दर्शन करने गए थे। बुधवार को दर्शन करने के बाद पूरा परिवार अपनी बाइक से वापस अपने गांव लौट रहा था।
दोपहर करीब 2:20 बजे जब उनकी बाइक गरोठ-उज्जैन फोरलेन पर दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे की कनेक्टिविटी के पास पहुँची, तभी मंदसौर की ओर से आ रहे एक बेलगाम ट्रक ने उनकी बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
पल भर में उजड़ गई खुशियां, दो की मौत
Mandsaur Road Accident:यह टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पर सवार सभी लोग सड़क पर दूर जा गिरे। इस भयानक हादसे में 5 महीने की गर्भवती सपना और उसकी छोटी बहन राधा की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, बाइक चला रहे अर्जुन और उनकी डेढ़ साल की मासूम बेटी सोमिया गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय ग्रामीणों की मदद से अस्पताल पहुँचाए गए घायल
हादसा होते ही मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय ग्रामीणों ने मानवता का परिचय देते हुए तत्परता दिखाई और गंभीर रूप से घायल अर्जुन व मासूम बच्ची को तुरंत गरोठ के शासकीय अस्पताल पहुँचाया, जहाँ डॉक्टरों द्वारा उनका प्राथमिक उपचार किया गया।
घटना की सूचना मिलते ही गरोठ थाना पुलिस भी तुरंत मौके पर पहुँची। पुलिस ने दोनों मृत महिलाओं के शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
पुलिस ने ट्रक को किया जब्त, जांच जारी
Mandsaur Road Accident:हादसे की जानकारी देते हुए घायल अर्जुन ने बताया कि वे सभी माता के दर्शन करके अपने घर लौट रहे थे, तभी गरोठ 8-लेन के कनेक्टिंग फोर-लेन पर इस अज्ञात ट्रक ने उनकी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया।
गरोठ थाना प्रभारी बलवीरसिंह यादव के दिशा-निर्देशों के तहत पुलिस ने दुर्घटना को अंजाम देने वाले ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया है और उसे थाने में खड़ा करवा दिया है। फिलहाल, पुलिस फरार ट्रक चालक की तलाश करने के साथ-साथ इस पूरे मामले की गहनता से जांच-पड़ताल कर रही है।

