Muzaffarpur chain snatching बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए महज 48 घंटे के भीतर एक सनसनीखेज चेन स्नेचिंग की घटना का सफल उद्भेदन किया है। पुलिस ने इस मामले में तीन शातिर आरोपियों को धर दबोचा है, साथ ही लूटे गए सोने को पिघलाकर बनाए गए सोने का एक गोला भी बरामद कर लिया है।
कृष्णाटोली में हुई थी वारदात
Muzaffarpur chain snatching:यह पूरी घटना ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र के कृष्णाटोली ब्रह्मस्थान के पास की है। यहां बाइक सवार बेखौफ बदमाशों ने एक महिला के गले से सोने की चेन झपट ली थी। दिनदहाड़े हुई इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया था। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत हरकत में आई और मौके पर पहुंचकर आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू किए। पीड़िता पक्ष के सुशील कुमार पटेल के लिखित आवेदन पर ब्रह्मपुरा थाने में कांड संख्या 331/26 दर्ज कर मामले की तकनीकी जांच शुरू की गई थी।
तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर हुई गिरफ्तारी
Muzaffarpur chain snatching:पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई और तकनीकी अनुसंधान के बाद 3 नवंबर 2026 को पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। पकड़े गए शातिर अपराधियों की पहचान आयुध कुमार सोनी उर्फ बंटी, अंशु राज और मोहित कुमार उर्फ रावण के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर एक बड़ा खुलासा करते हुए छीनी गई सोने की चेन को गलाकर बनाए गए सोने के गोले का एक टुकड़ा और चार एंड्रॉइड मोबाइल फोन बरामद किए हैं। हालांकि, इस गिरोह का एक अन्य सदस्य अभी भी पुलिस की पकड़ से बाहर है, जिसकी तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस प्रशासन की कड़ी चेतावनी
Muzaffarpur chain snatching:मामले की जानकारी देते हुए सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी ने बताया कि पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से अपराधियों का सुराग लगाया और महज दो दिनों के भीतर आरोपियों को दबोच लिया।
सिटी एसपी ने चेन स्नेचिंग और आपराधिक गतिविधियों में लिप्त लोगों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि इस तरह के अपराध करने वाले या तो जिला छोड़ दें या सुधर जाएं। पुलिस ऐसे मामलों को बेहद गंभीरता से ले रही है और अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

