रिपोर्टर: प्रताप सिंह बघेल
Morena : मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ ग्वालियर लोकायुक्त पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। लोकायुक्त की टीम ने तहसील कार्यालय परिसर में स्थित आरआई (राजस्व निरीक्षक) चैंबर के अंदर बैठकर एक किसान से 7 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए पटवारी को रंगे हाथों धर दबोचा। इस कार्रवाई से तहसील कार्यालय में हड़कंप मच गया है।
जमीन के सीमांकन के एवज में मांगी थी घूस
Morena प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुरैना गांव का पुरा निवासी फरियादी मुरारीलाल कुशवाह ने अपनी 2 बीघा जमीन के सीमांकन के लिए तहसीलदार कार्यालय में आधिकारिक आवेदन दिया था। आरोप है कि इस कार्य को पूरा करने के बदले मौजा पटवारी प्रदीप शर्मा ने किसान से कुल 40 हजार रुपए की रिश्वत की डिमांड की थी। परेशान होकर किसान ने पहले ही पटवारी को 5 हजार रुपए दे दिए थे, लेकिन लगातार बढ़ रही पैसों की मांग से तंग आकर उसने ग्वालियर लोकायुक्त एसपी कार्यालय में इसकी लिखित शिकायत दर्ज कराई।
लोकायुक्त टीम ने बिछाया जाल और दबोचा
Morena शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त पुलिस ने पूरे मामले का सत्यापन कराया और योजना के तहत आरोपी पटवारी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया। तय योजना के मुताबिक, मंगलवार को किसान तहसील कार्यालय पहुँचा और जैसे ही उसने आरआई चैंबर में मौजूद पटवारी प्रदीप शर्मा को 7 हजार रुपए की रिश्वत दी, पहले से सतर्क बैठी लोकायुक्त टीम ने उसे मौके पर ही रंगे हाथों दबोच लिया।
सर्किट हाउस में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी
Morena कार्रवाई के तुरंत बाद लोकायुक्त की टीम आरोपी पटवारी को लेकर सर्किट हाउस पहुँची, जहाँ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आगे की वैधानिक प्रक्रिया और कागजी कार्रवाई की जा रही है। विभाग का कहना है कि इस मामले में पूछताछ पूरी होने के बाद अन्य पहलुओं पर भी विस्तृत जानकारी सामने आ सकती है।

