UP Politics 2027UP Politics 2027
Spread the love

UP Politics 2027:उत्तर प्रदेश की राजनीति में बयानबाजी का दौर तेज हो गया है। राज्य के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के बयानों पर कड़ा पलटवार किया है। मौर्य ने तंज कसते हुए कहा कि अखिलेश यादव और उनके मित्र राहुल गांधी केवल मुंगेरीलाल के हसीन सपने देख रहे हैं, क्योंकि आने वाले लंबे समय तक उत्तर प्रदेश में बीजेपी की सरकार हिलने वाली नहीं है।

‘2012 से 2017 तक के कुशासन की समीक्षा जनता पहले ही कर चुकी है’

UP Politics 2027:कानून-व्यवस्था को लेकर अखिलेश यादव द्वारा गृह मंत्री से समीक्षा की मांग उठाए जाने पर केशव प्रसाद मौर्य ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2012 से 2017 तक सपा के शासनकाल में फैली गुंडागर्दी, अपराध, माफियाराज और दंगों की समीक्षा प्रदेश की जनता बहुत पहले ही कर चुकी है।

डिप्टी सीएम ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार ‘अंगद के पांव’ की तरह मजबूती से जमी हुई है। उन्होंने दो टूक कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी एक बार फिर प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता में वापसी करेगी और अगले 30 वर्षों तक समाजवादी पार्टी की सत्ता में लौटने की कोई उम्मीद नहीं है।

‘रामद्रोहियों की पार्टी है सपा, 2027 में जनता करेगी हिसाब’

UP Politics 2027:सपा के पूर्व सांसद एस. टी. हसन द्वारा भगवान राम पर दिए गए विवादित बयान पर भी मौर्य ने तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी भगवान राम की नहीं बल्कि ‘रामद्रोहियों’ की पार्टी है।

सपा नेताओं के ऐसे बयानों पर उन्हें कोई आश्चर्य नहीं होता है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि 2027 के चुनाव में प्रदेश के रामभक्त और राष्ट्रभक्त जनता इन बयानों का पूरा हिसाब लेगी और समाजवादी पार्टी की ‘साइकिल’ को पंचर कर के हमेशा के लिए सैफई भेज देगी।

वोटर लिस्ट और नागरिकता के मुद्दे पर अखिलेश को दी नसीहत

UP Politics 2027:चुनाव आयोग और नागरिकता के मामलों पर अखिलेश यादव द्वारा उठाए गए सवालों का जवाब देते हुए केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि नागरिकता का प्रमाणपत्र चुनाव आयोग नहीं बल्कि देश का गृह मंत्रालय प्रदान करता है।

अखिलेश यादव एक सांसद हैं, इसलिए उन्हें इस बात की बुनियादी जानकारी होनी चाहिए। मौर्य ने आरोप लगाया कि जो लोग घुसपैठियों के साथ मिलकर मतदाता सूची (वोटर लिस्ट) में गड़बड़ी करने की साजिश रच रहे हैं, उनकी दाल अब उत्तर प्रदेश में नहीं गलने वाली है।

read this:-ग्वालियर CMHO डॉ. एमएस सागर के खिलाफ करणी सेना का मोर्चा: जातिगत भेदभाव और मनमानी के लगाए गंभीर आरोप