Prayagraj Underground:उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। नवाबगंज थाना क्षेत्र के बरईपुर गांव में पुलिस ने एक घर के अंदर जमीन के भीतर छिपाकर रखे गए करोड़ों रुपए बरामद किए हैं। जमीन की खुदाई के दौरान मिले तीन ड्रमों में भारी मात्रा में नकदी देखकर पुलिस भी दंग रह गई। अनुमान लगाया जा रहा है कि बरामद की गई कुल रकम तीन से चार करोड़ रुपए के बीच हो सकती है।
क्या है पूरा मामला?
Prayagraj Underground:पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, बरईपुर गांव के एक मकान में यादव परिवार रहता है। इस परिवार के दो सदस्य, राकेश यादव और राजेश यादव, पहले पुणे में नौकरी करते थे। हालिया घटनाक्रम के मुताबिक, गांव में किसी बात को लेकर एक आपसी झगड़ा हुआ, जिसके बाद पुलिस को मुखबिर के जरिए सूचना मिली कि इस परिवार के पास भारी मात्रा में बेहिसाब काला धन है, जिसे वे छिपाकर रखते हैं और जरूरत पड़ने पर खर्च करते हैं।
इस सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए संबंधित घर पर छापा मारा। पुलिस ने जब घर के एक कमरे के अंदर की जमीन की खुदाई कराई, तो लगभग 5 मीटर नीचे गड़े हुए तीन छोटे स्टील के ड्रम मिले। नमी और खराब होने से बचाने के लिए इन ड्रमों को काली पन्नों से कसकर बांधा गया था। जब पुलिस ने इन ड्रमों को खोलकर देखा, तो उनके अंदर 500-500 रुपए के नोटों की गड्डियों के बंडल भरे हुए थे।
झगड़े के बाद मुखबिर ने खोली पोल
Prayagraj Underground:स्थानीय लोगों के अनुसार, राजेश यादव और उसका भाई साल 2020 में पुणे से गांव वापस लौटे थे। यहां लौटने के बाद से ही उन्होंने ताबड़तोड़ कई जमीनें खरीदीं और नया ट्रैक्टर भी लिया। गांव वालों को यह बात बहुत अजीब लगी कि इतनी जल्दी ये लोग इतने अमीर कैसे हो गए।
हालांकि, गांव में हुए एक मामूली झगड़े के बाद मुखबिर ने पुलिस तक यह राज पहुंचा दिया। पुलिस ने इस मामले में एक संदिग्ध शख्स को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है, लेकिन वह पुलिस के सवालों के गोलमोल जवाब दे रहा है।
पुलिस और इनकम टैक्स विभाग की जांच जारी
Prayagraj Underground:घर से करोड़ों रुपए की नकदी बरामद होने के बाद स्थानीय लोगों में भी भारी सनसनी फैल गई है। पुलिस ने तुरंत आयकर विभाग को इस बड़ी जब्ती की आधिकारिक सूचना दे दी है।
अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर इतनी बड़ी रकम कहां से और कैसे लाई गई थी। इसके साथ ही, पुणे की उस कंपनी का भी पता लगाया जा रहा है, जहां दोनों भाई पहले काम करते थे। फिलहाल पुलिस ने पूरे मकान को सील कर दिया है और मौके पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है ताकि साक्ष्यों के साथ कोई छेड़छाड़ न हो सके।
read this:- ग्वालियर: करवा चौथ की तैयारियों के बीच पति ने की पत्नी की निर्मम हत्या

