रिपोर्टर: मयंक गुप्ता
Gwalior : मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले के मुरार थाना क्षेत्र स्थित त्यागी नगर में करवा चौथ के पावन पर्व पर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ करवा चौथ की खुशियों और तैयारियों के बीच एक पति ने अपनी ही पत्नी को मौत के घाट उतार दिया। इस सनसनीखेज वारदात से पूरे इलाके में मातम और दहशत का माहौल है, और हर कोई इस घटना से स्तब्ध है।
करवा चौथ की पूजा की तैयारी के दौरान वारदात
Gwalior प्राप्त जानकारी के अनुसार, त्यागी नगर निवासी आनंद श्रीवास्तव की पत्नी मधु करवा चौथ के व्रत और उसकी तैयारियों में जुटी हुई थीं। इसी दौरान किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच अचानक विवाद खड़ा हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से से आगबबूला हुए पति आनंद ने घर में रखी किसी वजनदार वस्तु से मधु के सिर पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने और अत्यधिक खून बहने के कारण महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
बेटे को जानकारी देने के बाद खुद दी पुलिस को सूचना
Gwalior इस जघन्य हत्याकांड को अंजाम देने के बाद आरोपी पति ने अजीबोगरीब हरकत की। उसने सबसे पहले घर के दूसरे कमरे में सो रहे अपने बेटे को घटना के बारे में बताया और इसके तुरंत बाद खुद ही पुलिस कंट्रोल रूम को फोन कर अपनी पत्नी की हत्या की सूचना दी। वारदात की गंभीरता को देखते हुए मुरार थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुँची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
पुलिस हिरासत में आरोपी पति, पूछताछ जारी
Gwalior घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारी भी दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुँच गए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति आनंद श्रीवास्तव को हिरासत में ले लिया है। हालांकि, हत्या के पीछे की असली वजह अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाई है, लेकिन शुरुआती जाँच में आपसी कलह और घरेलू विवाद को इसकी वजह माना जा रहा है। पुलिस आरोपी से कड़ाई से पूछताछ कर मामले की हर एंगल से गहनता से जाँच कर रही है।
ये भी पढे: Panna Water Resources Department: पन्ना में 45 हजार की रिश्वत लेते पकड़े गए थे 2 कर्मचारी

