Greater Noida PNB Bank Scam:उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा स्थित पंजाब नेशनल बैंक की एक शाखा में करोड़ों रुपये के बड़े घोटाले का पर्दाफाश हुआ है। पीआई-1 सेक्टर में स्थित बैंक शाखा में किसानों, मजदूरों और स्थानीय निवासियों के खातों व फिक्स्ड डिपॉजिट से बिना उनकी जानकारी के भारी-भरकम रकम दूसरे खातों में ट्रांसफर कर दिए जाने का गंभीर आरोप लगा है। इस सनसनीखेज खुलासे के बाद खाताधारकों में भारी आक्रोश है और बैंक परिसर के बाहर तनाव का माहौल बन गया है।
चेक बाउंस होने पर खुला करोड़ों के फर्जीवाड़े का राज
Greater Noida PNB Bank Scam:यह पूरा मामला तब प्रकाश में आया जब कुछ खाताधारकों ने अपनी आवश्यकता के अनुसार बैंक में भुगतान के लिए चेक प्रस्तुत किए, लेकिन वे बाउंस हो गए। इसके बाद जब पीड़ित ग्राहक बैंक पहुंचे और अपने खातों की गहनता से जाँच कराई, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। खाताधारकों का कहना है कि उनकी पासबुक में तो पूरी रकम और लेनदेन की एंट्री साफ-साफ दर्ज है, लेकिन बैंक के वास्तविक खातों से लाखों-करोड़ों रुपये गायब हैं। किसी के खाते से 35 लाख, किसी से 40 लाख तो किसी के खाते से लगभग एक करोड़ रुपये तक गायब होने की बात सामने आ रही है।
मोबाइल नंबर बंद कर शातिर तरीके से दिया गया अंजाम
Greater Noida PNB Bank Scam:पीड़ितों का आरोप है कि बैंक से जुड़े ग्राहकों के रजिस्टर्ड मोबाइल नंबरों को बंद कर दिया गया था, ताकि उन्हें खातों से पैसे निकलने की भनक तक न लग सके। शक न हो इसके लिए जब कभी किसी ग्राहक को पैसों की जरूरत पड़ती थी, तो बैंककर्मी चालाकी से छोटे-छोटे टुकड़ों (जैसे 10 लाख या 15 लाख) में रकम वापस खाते में डाल देते थे। इस पूरे खेल में बैंक की शाखा प्रबंधक और एक सफाई कर्मचारी महिला की भूमिका पर भी गहरा संदेह जताया जा रहा है।
बैंक प्रबंधन की कार्रवाई और 10-12 कर्मचारी सस्पेंड
Greater Noida PNB Bank Scam:मामले के तूल पकड़ने और बैंक में किसानों का हंगामा होने के बाद, पंजाब नेशनल बैंक ने एहतियाती कदम उठाते हुए आंतरिक जाँच शुरू कर दी है। बैंक प्रबंधन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लगभग 10 से 12 कर्मचारियों को सस्पेंड कर दिया है और पूरी पुरानी टीम को हटाकर दूसरी शाखाओं से नए अधिकारियों व कर्मचारियों की तैनाती कर दी है।
किसानों का उग्र प्रदर्शन, एफआईआर और सीबीआई जांच की मांग
Greater Noida PNB Bank Scam:प्रभावित किसानों और मजदूर संगठन के लोग बड़ी संख्या में बैंक शाखा के बाहर धरने पर बैठ गए हैं। किसानों का कहना है कि इन खातों में उनकी जमीनों के अधिग्रहण का मुआवजा और जीवनभर की जमापूंजी रखी हुई थी। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस से इस मामले में तत्काल एफआईआर दर्ज करने और पूरे घोटाले की गहराई से जाँच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो से कराने की मांग की है। मौके की नजाकत को देखते हुए बैंक के बाहर पीएसी बल को भी तैनात कर दिया गया है।

