AurangabadAurangabad
Spread the love

रिपोर्टर: दीनानाथ माऔर

Aurangabad : बिहार के औरंगाबाद समाहरणालय परिसर में आयोजित जनता दरबार में एक बेहद ही भावुक और मानवीय दृश्य देखने को मिला। ‘सात निश्चय-3’ के तहत “सबका सम्मान, जीवन आसान” पहल के अंतर्गत औरंगाबाद की जिलाधिकारी (DM) अभिलाषा शर्मा अपने कार्यालय में आम लोगों की समस्याएं सुन रही थीं। इसी दौरान अपनी जमीन से जुड़े विवाद की फरियाद लेकर पहुंची 90 वर्षीय बुजुर्ग महिला जब सीढ़ियां नहीं चढ़ सकीं, तो जिलाधिकारी खुद अपना चैंबर छोड़कर नीचे बरामदे में आ गईं।

सीढ़ियां चढ़ने में असमर्थ थीं बुजुर्ग महिला, खबर मिलते ही नीचे पहुंचीं डीएम

Aurangabad औरंगाबाद जिले के दाउदनगर प्रखंड अंतर्गत सोनवर्षा गांव की रहने वाली 90 वर्षीया देवबदन देवी अपने पति के साथ भूमि विवाद की शिकायत लेकर समाहरणालय पहुंची थीं। अत्यधिक उम्र और शारीरिक अशक्तता के कारण उनके लिए पहली मंजिल स्थित डीएम कार्यालय की सीढ़ियां चढ़ना असंभव था। इसलिए वे नीचे बरामदे में एक कुर्सी पर बैठकर अपनी बारी का इंतजार करने लगीं। जैसे ही इस बात की जानकारी जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा को मिली, वे संवेदनशीलता दिखाते हुए तुरंत नीचे उतरीं और सीधे बुजुर्ग दंपति के पास पहुंच गईं।

डीएम के सामने फफक कर रो पड़ीं दादी, अधिकारी की भी आंखें हुईं नम

Aurangabad जैसे ही बुजुर्ग महिला ने जिलाधिकारी को अपने पास खड़े देखा, वे अपने आंसुओं पर काबू नहीं रख सकीं और फूट-फूटकर रोने लगीं। वृद्ध महिला को रोता देख जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा भी भावुक हो गईं और उनकी आंखें नम हो गईं। डीएम ने खुद बुजुर्ग महिला को गले लगाकर चुप कराया और काफी देर तक सांत्वना दी। इसके बाद बुजुर्ग महिला ने बताया कि उनके पिता द्वारा दान में दी गई जमीन को उनके बड़े बेटे ने धोखाधड़ी कर अपने बेटे के नाम करा लिया और गलत तरीके से दाखिल-खारिज भी करवा लिया है।

डीएम ने दिए निष्पक्ष जांच के आदेश, बुजुर्ग महिला बोलीं- न्याय का पूरा विश्वास

Aurangabad अपनी व्यथा सुनने के बाद जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा ने तत्काल संबंधित अंचलाधिकारी और प्रशासनिक अधिकारियों को पूरे मामले की जांच करने का निर्देश दिया। डीएम ने अधिकारियों को कड़े शब्दों में कहा कि इस शिकायत का पारदर्शी, निष्पक्ष और समयबद्ध समाधान निकाला जाए। मीडिया से बातचीत में पीड़िता देवबदन देवी ने बताया कि डीएम मैडम के इस मानवीय व्यवहार से उन्हें ढांढस मिला है और उन्हें पूरा भरोसा है कि अब उनके साथ जरूर न्याय होगा।

ये भी पढे: Maharashtra Farmers Long March to Mumbai: जानिए क्यों सड़कों पर उतरे 12 हजार किसान और क्या हैं उनकी प्रमुख मांगें?