Live-in relationship murder:राजस्थान के झुंझुनूं जिले के पिलानी कस्बे में लिव-इन रिलेशनशिप से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक महिला के साथ रह रहे युवक पर घर में घुसकर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया गया, जिससे उसकी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने साहस दिखाते हुए आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
दीवार फांदकर घर में घुसा और किया जानलेवा हमला
Live-in relationship murder:पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, यह खूनी वारदात पिलानी कस्बे के वार्ड नंबर 18 की है। रानीसती मंदिर के पास रहने वाले सतीश जाट नामक युवक ने बीती रात करीब 10 बजे राजेश उर्फ सोनू कुमावत (33 वर्ष) के घर पर धावा बोल दिया। आरोप है कि आरोपी दीवार फांदकर अंदर घुसा और धारदार हथियार से राजेश पर कई वार किए। चीख-पुकार सुनकर जब परिजन मौके पर पहुंचे, तो उन्होंने आरोपी को घेरकर पकड़ लिया।
हमले में गंभीर रूप से घायल सोनू को तुरंत पिलानी के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर उसे झुंझुनूं रेफर कर दिया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
महिला के साथ रहने को लेकर थी पुरानी रंजिश
Live-in relationship murder:मृतक राजेश मजदूरी करके अपना गुजारा करता था। परिजनों का दावा है कि वह पिछले करीब छह महीने से पश्चिम बंगाल की रहने वाली एक महिला के साथ रह रहा था। चर्चा है कि वह महिला पहले आरोपी सतीश जाट के संपर्क में थी, लेकिन कुछ महीने पहले उसे छोड़कर राजेश के साथ रहने लगी थी। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच रंजिश चल रही थी, जो इस खूनी संघर्ष की वजह बन गई।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
Live-in relationship murder:वारदात की सूचना मिलते ही चिड़ावा सीओ गौरव गुर्जर और पिलानी थानाधिकारी अलका विश्नोई ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। परिजनों द्वारा पकड़े जाने के दौरान हुई झड़प में आरोपी सतीश भी घायल हो गया, जिसे पुलिस ने इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। मृतक के पिता की शिकायत के आधार पर पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर उसे परिजनों को सौंप दिया है और मामले की गहराई से जांच की जा रही है।

