Flipkart Delivery Center Robbery:बिहार के समस्तीपुर जिले में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद नजर आ रहे हैं। ताजा मामला मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के हरपुर एलौथ इलाके का है, जहां फ्लिपकार्ट के डिलीवरी और कलेक्शन सेंटर को बदमाशों ने अपना निशाना बनाया। बाइक पर सवार होकर आए नकाबपोश बदमाशों ने हथियार के बल पर करीब डेढ़ लाख रुपये की नकदी लूट ली और मौके से फरार हो गए।
हथियार के दम पर कर्मचारियों को बनाया बंधक
Flipkart Delivery Center Robbery:मिली जानकारी के मुताबिक, बीती रात चार से पांच की संख्या में आए हथियारबंद बदमाशों ने अचानक फ्लिपकार्ट सेंटर पर धावा बोल दिया। आरोपियों ने पिस्तौल दिखाकर वहां मौजूद सभी कर्मचारियों को अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद काउंटर पर रखे कैश को समेट लिया। जब एक कर्मचारी ने इसका विरोध करने की कोशिश की, तो बेखौफ बदमाशों ने पिस्तौल की बट से वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस घटना के बाद से डिलीवरी सेंटर पर अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया।
सबूत मिटाने के लिए CCTV का DVR भी ले गए बदमाश
Flipkart Delivery Center Robbery:अपराधियों ने बड़ी ही चालाकी से वारदात को अंजाम दिया। पहचान छिपाने और पुलिस को चकमा देने के लिए वे सेंटर में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर (DVR) भी उखाड़कर अपने साथ ले गए। डीवीआर साथ ले जाने की वजह से पुलिस के लिए आरोपियों की शिनाख्त करना एक बड़ी चुनौती बन गया है। हालांकि, पुलिस आसपास के अन्य रास्तों और कैमरों की फुटेज खंगालकर अपराधियों का सुराग लगाने की कोशिश कर रही है।
इस सनसनीखेज वारदात के बाद से स्थानीय कारोबारियों और लोगों में पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भारी रोष देखा जा रहा है। फिलहाल पुलिस इस मामले की गहनता से जांच कर रही है और आरोपियों की धरपकड़ के लिए छापेमारी जारी है।
read this:-Panna Road Accident: पन्ना सड़क हादसा: मृत पिता से बंधे मासूम बच्चे की जादुई और सुरक्षित वापसी

