Panchkula Police Encounter:हरियाणा के पंचकूला में पुलिस और बदमाशों के बीच एक बड़ी मुठभेड़ का मामला सामने आया है। पुलिस ने टारगेट किलिंग को अंजाम देने आए दो कुख्यात शूटरों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लगी है, जिसके बाद उन्हें काबू कर लिया गया।
मोहाली-चंडीगढ़ और पंचकूला में थी बड़ी साजिश
Panchkula Police Encounter:प्राप्त जानकारी के अनुसार, पकड़े गए दोनों आरोपियों की पहचान अर्शदीप सिंह और जगराज सिंह के रूप में हुई है, जो पंजाब के अमृतसर जिले के रहने वाले हैं। शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि ये दोनों किसी कुख्यात गैंग से जुड़े हुए हैं और मोहाली, पंचकूला तथा चंडीगढ़ (ट्राइसिटी) क्षेत्र में किसी महत्वपूर्ण टारगेट को निशाना बनाने की नीयत से आए थे। पुलिस अब इस बात की गहराई से जांच कर रही है कि उनका असली निशाना कौन था और उन्हें यह टास्क किसने सौंपा था।
मुठभेड़ के दौरान चली ताबड़तोड़ गोलियां
Panchkula Police Encounter:यह पूरी घटना सेक्टर-20 थाना क्षेत्र के अंतर्गत ताऊ देवी लाल स्टेडियम के पीछे सेक्टर-3 की सड़क पर हुई। डीसीपी क्राइम अमरिंदर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम संदिग्धों की तलाश में जुटी थी, तभी मोटरसाइकिल पर सवार इन दोनों आरोपियों का सामना पुलिस से हो गया।
खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस दल पर फायरिंग शुरू कर दी। एफआईआर के विवरण के मुताबिक, आरोपियों ने पुलिस पर करीब पांच राउंड गोलियां चलाईं। इनमें से एक गोली पुलिस सब-इंस्पेक्टर की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी, जबकि दूसरी गोली असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर सुनील कुमार के कान के बेहद करीब से गुजर गई।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई और बरामदगी
Panchkula Police Encounter:पुलिस ने स्थिति की गंभीरता को समझते हुए आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की और चार गोलियां चलाईं। इस फायरिंग में दोनों शूटरों के पैरों में एक-एक गोली लगी, जिससे वे घायल होकर गिर पड़े। इसके बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को दबोच लिया।
मौके से पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध हथियार भी बरामद किए हैं। पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड, हथियारों के नेटवर्क और स्थानीय मददगारों की तलाश में जुटी हुई है।

