रिपोर्टर: गनेश सिंह
Delhi : कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के तीनों शीर्ष नेताओं—अभिजीत दिपके, सौरव दास और आशुतोष रांका को मजिस्ट्रेट अदालत से रिहाई मिल गई है। दिल्ली पुलिस द्वारा शनिवार को दिल्ली एयरपोर्ट से निवारक हिरासत (Preventive Arrest) में लिए गए इन नेताओं को दिल्ली कैंट थाने में विशेष कार्यकारी मजिस्ट्रेट (Special Executive Magistrate) के समक्ष पेश किया गया था, जहां से कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद उन्हें रिहा कर दिया गया।
शांति भंग न करने की शर्त पर मिली जमानत
Delhi कानूनी प्रावधानों के तहत किसी भी व्यक्ति को 24 घंटे से अधिक समय तक हिरासत में नहीं रखा जा सकता। इस नियम का पालन करते हुए पुलिस ने तीनों नेताओं को अदालत में पेश किया। पुलिस ने इन नेताओं के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 126 और 170 के तहत कार्रवाई की थी। अदालत में पेशी के दौरान 50-50 हजार रुपये के मुचलके भरवाए गए और आगामी एक साल तक किसी भी तरह की शांति भंग न करने की शर्त पर उन्हें रिहा किया गया।
जंतर-मंतर प्रदर्शन और पुलिस की कड़ी कार्रवाई
Delhi ये सभी नेता शनिवार को मुंबई से दिल्ली पहुंचे थे ताकि जंतर-मंतर पर आयोजित कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन में शामिल हो सकें, लेकिन पुलिस ने उन्हें एयरपोर्ट पर ही रोक लिया था। प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था इतनी कड़ी थी कि प्रदर्शनकारियों को जंतर-मंतर तक पहुंचने नहीं दिया गया। पुलिस ने जबरन प्रदर्शन करने, कानून व्यवस्था बिगाड़ने और सरकारी काम में बाधा डालने के आरोप में 20 से अधिक एफआईआर दर्ज की हैं।
इलाके में धारा 163 लागू और सुरक्षा के कड़े प्रबंध
Delhi विरोध प्रदर्शनों के आह्वान को देखते हुए आज भी जंतर-मंतर और उसके आसपास के इलाकों में भारी सुरक्षा बल तैनात है। कनॉट प्लेस के संसद मार्ग सहित कई रास्तों को पूरी तरह से सील कर दिया गया है ताकि आम जनता या मीडिया को बिना अनुमति के आगे बढ़ने न दिया जाए। प्रशासन ने साफ चेतावनी दी है कि इलाके में बीएनएस की धारा 163 लागू है और कानून को अपने हाथ में लेने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़े: मंडल कारा सुपौल और बीरपुर में बंदियों को मानसिक स्वास्थ्य व कानूनी अधिकारों के प्रति किया गया जागरूक

