Meerut Snakebite Murder Case:मेरठ में अमित कश्यप हत्याकांड में अदालत ने उसकी पत्नी रविता और उसके प्रेमी अमरदीप को हत्या का दोषी करार दिया है। अभियोजन पक्ष के मुताबिक, अमित की हत्या गला दबाकर की गई थी और घटना को छिपाने के लिए इसे सांप के काटने से हुई मौत का रूप देने की कोशिश की गई। अदालत अब दोनों दोषियों की सजा पर 16 अक्टूबर 2026 को फैसला सुनाएगी।
अप्रैल 2025 में हुई थी अमित की मौत
Meerut Snakebite Murder Case:यह मामला अप्रैल 2025 का है। 12 अप्रैल 2025 को अमित घर में मृत अवस्था में मिला था। उसके शव के पास एक सांप भी मिला, जिसके बाद शुरुआती तौर पर मौत को सर्पदंश से जोड़कर देखा गया। पुलिस ने मौके से सांप को पकड़कर सुरक्षित किया और अमित के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने घटना की दिशा बदल दी। रिपोर्ट में मौत का कारण सांप का जहर नहीं, बल्कि दम घुटना सामने आया। इसके बाद पुलिस ने मामले को हत्या के एंगल से जांचना शुरू किया।
शव के नीचे रखा गया था सांप
Meerut Snakebite Murder Case:जांच में पुलिस के सामने आरोप सामने आया कि अमित की हत्या के बाद उसकी मौत को सर्पदंश बताने के लिए शव के नीचे सांप रखा गया था। पुलिस के मुताबिक, इस साजिश का मकसद परिवार और पुलिस को गुमराह करना था।
जांच के दौरान पुलिस ने उस सपेरे से भी पूछताछ की, जिसने कथित तौर पर करीब 1,000 रुपये में विषरहित सांप उपलब्ध कराया था। अभियोजन के अनुसार, बाद में उसे मामले में सरकारी गवाह बनाया गया।
पड़ोसी से पत्नी के प्रेम संबंध का आरोप
Meerut Snakebite Murder Case:जांच में सामने आया कि अमित और अमरदीप एक साथ टाइल्स लगाने का काम करते थे और दोनों पड़ोसी भी थे। पुलिस के अनुसार, इसी दौरान अमरदीप का अमित की पत्नी रविता के साथ कथित प्रेम संबंध बन गया था।
अभियोजन पक्ष ने अदालत में आरोप लगाया कि रविता और अमरदीप ने मिलकर अमित की हत्या की योजना बनाई और वारदात के बाद उसे सर्पदंश का रूप देने की कोशिश की।
अमित के परिवार को भी दोनों के रिश्ते पर पहले से संदेह था। परिवार की ओर से जताए गए शक और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद पुलिस की जांच कथित प्रेम संबंध और हत्या की साजिश की ओर आगे बढ़ी।
कोर्ट ने दोनों को माना हत्या का दोषी
Meerut Snakebite Murder Case:मामले की सुनवाई मेरठ की अपर जिला जज कोर्ट संख्या 12 में हुई। अभियोजन और बचाव पक्ष की दलीलें पूरी होने के बाद अदालत ने बुधवार को रविता और अमरदीप को अमित की हत्या का दोषी ठहराया।
दोनों आरोपी करीब 17 महीने से चौधरी चरण सिंह जिला कारागार में बंद हैं। हालांकि दोषसिद्धि के बाद अभी सजा तय नहीं हुई है। अदालत 16 अक्टूबर 2026 को सजा के बिंदु पर अपना फैसला सुनाएगी।
अमित की मां ने की फांसी की मांग
Meerut Snakebite Murder Case:अदालत के फैसले के बाद अमित की मां मुनेश ने दोनों दोषियों के लिए कड़ी से कड़ी सजा की मांग की है। उनका कहना है कि बेटे की हत्या के मामले में दोषसिद्धि से उन्हें कुछ राहत मिली है, लेकिन वह आगे भी न्याय की लड़ाई जारी रखेंगी।
अब सभी की नजरें 16 अक्टूबर को होने वाली सुनवाई पर हैं, जब अदालत रविता और अमरदीप की सजा का फैसला करेगी।
read this:-शेखपुरा: जिला स्तरीय युवा उत्सव का रंगारंग आगाज, डीएम शेखर आनंद ने दीप प्रज्वलित कर किया शुभारंभ

