JamtaraJamtara
Spread the love

रिपोर्टर: रतन कुमार

Jamtara : संताल परगना प्रमंडल के प्रमंडलीय आयुक्त सह मतदाता सूची प्रेक्षक शैलेंद्र कुमार लाल ने शनिवार को जामताड़ा जिले के कुंडहित प्रखंड अंतर्गत अम्बा पंचायत सचिवालय का दौरा किया। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम-2026 के तहत आयोजित इस औचक निरीक्षण के दौरान उन्होंने चल रही सुनवाई प्रक्रिया का गहन जायजा लिया। इस मौके पर उन्होंने प्रशासनिक तंत्र को निर्देशित किया कि निष्पक्षता, पारदर्शिता और सटीकता के साथ संपूर्ण प्रक्रिया को समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए।

सुनवाई केंद्र पर प्रपत्रों और दावों-आपत्तियों का किया विस्तृत निरीक्षण

Jamtara प्रमंडलीय आयुक्त ने पंचायत सचिवालय स्थित केंद्र में रखे गए मतदाता पुनरीक्षण रजिस्टरों, प्राप्त आवेदनों और विभिन्न प्रपत्रों (Forms) के संधारण की बारीकी से जांच की। उन्होंने अधिकारियों से अब तक प्राप्त दावे एवं आपत्तियों की स्थिति जानी। आयुक्त ने स्पष्ट किया कि नोटिस के आलोक में आ रहे आवेदनों का निपटारा पूरी निष्पक्षता और नियमानुसार होना चाहिए ताकि अंतिम मतदाता सूची में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या विसंगति न रहे।

मतदाताओं से सीधा संवाद और अधिकारियों को सहयोग करने का निर्देश

Jamtara निरीक्षण के दौरान शैलेंद्र कुमार लाल ने सुनवाई के लिए पहुंचे आम नागरिकों व मतदाताओं से सीधे बातचीत की और उन्हें पूरी प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने मौके पर मौजूद बीएलओ और संबंधित कर्मियों को सख्त ताकीद की कि आवश्यक दस्तावेज तैयार करने और प्रक्रिया पूरी कराने में आम नागरिकों की हरसंभव मदद की जाए, ताकि किसी भी पात्र व्यक्ति को बेवजह भटकना न पड़े।

लोकतांत्रिक व्यवस्था की नींव है अद्यतन वोटर लिस्ट: शैलेंद्र कुमार लाल

Jamtara आयुक्त ने अपने संबोधन में कहा कि एक पारदर्शी और त्रुटिरहित मतदाता सूची ही मजबूत लोकतंत्र की रीढ़ होती है। इसलिए प्रशासन की यह प्राथमिक जिम्मेदारी है कि क्षेत्र का कोई भी योग्य नागरिक मतदाता सूची में दर्ज होने से वंचित न रहे। इस निरीक्षण कार्यक्रम के दौरान उप निर्वाचन पदाधिकारी कयूम अंसारी और सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी जमाले रजा समेत जिले के कई प्रमुख प्रशासनिक अधिकारी व बूथ स्तर के कर्मचारी उपस्थित रहे।

ये भी पढ़े: बालाघाट में बैगा बच्चों की मौत के बाद कुपोषण का संकट गहराया: 27 हजार से अधिक बच्चे मिले पीड़ित, पोषण ट्रैकर के आंकड़ों पर उठे गंभीर सवाल