रिपोर्टर: रंजन कुमार
Sheikhpura : मुंगेर क्षेत्र के पुलिस उप-महानिरीक्षक (डीआईजी) राकेश कुमार ने अपने मासिक निरीक्षण के दौरान शेखपुरा का दौरा किया, जहां समाहरणालय पहुंचने पर पुलिस जवानों द्वारा उन्हें ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ दिया गया। इस दौरान उन्होंने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में जिले के शीर्ष पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की और कानून-व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया। बैठक में प्रभारी एसपी डॉ. राकेश कुमार, साइबर डीएसपी ज्योति कुमारी, और मुख्यालय डीएसपी माधुरी कुमारी सहित कई अन्य पुलिस पदाधिकारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
जमुई की घटना पर जताया गहरा दुख, फास्ट ट्रैक कोर्ट के तहत मिलेगी सजा
Sheikhpura समीक्षा बैठक के बाद संवाददाताओं से वार्ता करते हुए डीआईजी राकेश कुमार ने जमुई में घटी हालिया घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि इस मामले के आरोपियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस प्रशासन त्वरित कानूनी प्रक्रिया अपनाते हुए मामले को फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाएगा ताकि दोषियों को जल्द से जल्द सख्त से सख्त सजा दिलाई जा सके।
डायल 112 और पुलिस कार्यप्रणाली की समीक्षा पर जताया संतोष
Sheikhpura अपने नियमित निरीक्षण कार्यक्रम के तहत डीआईजी ने जिले में आपातकालीन सेवा ‘डायल 112’ और पुलिस की अन्य दैनिक गतिविधियों की गहन समीक्षा की। उन्होंने पुलिस तंत्र की त्वरित प्रतिक्रिया और कार्यशैली पर संतोष व्यक्त किया। साथ ही, उन्होंने अधिकारियों को साइबर अपराध और अन्य उभरती चुनौतियों से निपटने के लिए तकनीक के बेहतर इस्तेमाल की हिदायत दी।
त्योहारों और पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा बढ़ाने के सख्त निर्देश
Sheikhpura आगामी त्यौहारों के सीजन को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए डीआईजी ने पुलिस बल को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रमुख पर्यटक स्थलों और सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक पुख्ता किया जाएगा। पुलिस प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या घटना की जानकारी तुरंत पुलिस को दें ताकि त्वरित कार्रवाई की जा सके।

