रिपोर्टर: राजीव बघेल
Morena : मध्यप्रदेश के मुरैना जिले के कैलारस क्षेत्र में सेमई से रामपुर-विजयपुर एमएस रोड का निर्माण कार्य विवादों में घिर गया है। लगभग 49 करोड़ रुपए की भारी-भरकम लागत से बनाई जा रही इस सड़क की गुणवत्ता को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य पूरी तरह खत्म भी नहीं हुआ है और सड़क की गिट्टियां तथा ऊपरी परत अभी से ही उखड़ने लगी हैं।
खराब शोल्डर, जलभराव और गुणवत्ता पर सवाल
Morena स्थानीय निवासियों के अनुसार सड़क के कई हिस्सों में बने शोल्डर ढहने लगे हैं। सड़क का समतलीकरण सही न होने के कारण हल्की बारिश में भी जगह-जगह पानी भर जाता है, जिससे वाहन चालकों और पैदल यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने निर्माण कार्य में घटिया सामग्री के इस्तेमाल का सीधा आरोप लगाया है।
अवस्थी कंस्ट्रक्शन और इंजीनियरों पर लापरवाही का आरोप
Morena ग्रामीणों ने सड़क का निर्माण करा रही ‘अवस्थी कंस्ट्रक्शन कंपनी’ और संबंधित विभाग के जिम्मेदार इंजीनियरों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। आरोप है कि विभागीय अधिकारियों की अनदेखी और मॉनिटरिंग की कमी की वजह से ठेकेदार मनमाने ढंग से काम कर रहा है। समय-सीमा कई बार बढ़ाए जाने के बाद भी पुलिया व अन्य कार्य अधूरे पड़े हैं।
हादसों की आशंका के बीच निष्पक्ष जांच की मांग
Morena सड़क की 5 साल की गारंटी होने के बावजूद निर्माण पूरा होने से पहले ही सामने आ रहीं इन गंभीर कमियों से ग्रामीणों में हादसे का डर बना हुआ है। ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग (PWD) के वरिष्ठ अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से मामले का संज्ञान लेने तथा पूरे निर्माण कार्य की तकनीकी व निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
ये भी पढ़े: सीधी में धान मिलिंग का बड़ा मामला: 27.68 करोड़ रुपए का चावल बकाया, 14 करोड़ की एफडीआर भी निकली फर्जी

