रिपोर्टर: रतन कुमार
Jamtara : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) झारखंड प्रदेश में हुए हालिया संगठनात्मक फेरबदल के तहत जामताड़ा के वरिष्ठ कार्यकर्ता मनीष दुबे का पद और कद दोनों बढ़ाया गया है। प्रदेश नेतृत्व ने उन्हें मोर्चा के दायित्वों से मुक्त करते हुए प्रदेश स्तर पर 12 महत्वपूर्ण विभागों के सह-संयोजक (Co-Convener) की अहम जिम्मेदारी सौंपी है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने विभिन्न प्रकोष्ठों एवं विभागों के संयोजकों और सह-संयोजकों की सूची जारी कर इसकी आधिकारिक घोषणा की है।

विद्यार्थी परिषद से शुरू हुआ सफर और संघ के संस्कार
Jamtara मनीष दुबे ने अपने सार्वजनिक जीवन की शुरुआत अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के माध्यम से छात्र राजनीति से की थी। बचपन से ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से जुड़े रहने के कारण उन्हें मजबूत संगठनात्मक संस्कार मिले। इसके बाद उन्होंने भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) के जरिए सक्रिय राजनीति में प्रवेश किया। अपने लंबे राजनीतिक अनुभव के दौरान उन्होंने युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य, प्रदेश मंत्री और दो कार्यकाल तक प्रदेश महामंत्री जैसे कई अहम पदों की जिम्मेदारी संभाली है। उन्होंने पश्चिम बंगाल, बिहार, छत्तीसगढ़ और ओडिशा जैसे राज्यों में पार्टी के चुनावी कार्यों में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
इन 12 प्रमुख विभागों का संभालेंगे प्रभार
Jamtara मनीष दुबे ने बताया कि झारखंड प्रदेश भाजपा में कुल 17 विभाग हैं, जिनमें से 12 विभागों के संयोजकों और सह-संयोजकों की घोषणा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू द्वारा की गई है। उन्हें जिन 12 विभागों के सह-संयोजक का प्रभार मिला है, उनमें स्वच्छ भारत अभियान, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, नमामि गंगे, प्रशिक्षण अभियान, नीति शोध, मीडिया संपर्क, राजनीतिक कार्यक्रम एवं बैठक प्रबंधन, अध्यक्षीय कार्यालय प्रवास एवं कार्यक्रम, चुनाव आयोग समन्वय, विधि एवं कानून, पार्टी पत्रिका एवं प्रकाशन (अंत्योदय) तथा अंतरराष्ट्रीय संपर्क विभाग शामिल हैं।
संगठन के विश्वास पर खरा उतरने का संकल्प
Jamtara प्रदेश संगठन में इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के मिलने से जामताड़ा जिले के भाजपा कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है। अपनी नई नियुक्ति पर प्रदेश नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए मनीष दुबे ने कहा कि पार्टी ने उन जैसे एक सामान्य कार्यकर्ता पर जो अटूट भरोसा दिखाया है, वे उस पर पूरी तरह खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे संगठन द्वारा सौंपे गए सभी दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, समर्पण और प्रतिबद्धता के साथ करेंगे।

