Delhi Airport Gold Smuggling: इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर कस्टम्स प्रिवेंटिव अधिकारियों ने सोने की तस्करी के एक मामले का खुलासा किया है। अधिकारियों ने एक बांग्लादेशी यात्री के पास से 1.346 किलोग्राम सोना बरामद किया है। बताया गया कि सोने को सीधे धातु के रूप में नहीं, बल्कि रासायनिक पेस्ट में बदलकर तीन कैप्सूल के अंदर छिपाया गया था।
यह कार्रवाई 12 सितंबर 2026 को IGI एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 पर की गई।
अंडरगारमेंट्स में छिपाए थे तीन कैप्सूल
Delhi Airport Gold Smuggling:कस्टम्स के मुताबिक, यात्री जेद्दा से एयर इंडिया की फ्लाइट AI2256 से दिल्ली पहुंचा था। इसके बाद उसे एयर इंडिया की दूसरी फ्लाइट AI237 से ढाका जाना था।
इंटरनेशनल ट्रांजिट एरिया में जांच के दौरान CISF अधिकारियों को यात्री की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। तलाशी लेने पर उसके अंडरगारमेंट्स के भीतर भूरे-सफेद रंग के तीन अंडाकार कैप्सूल मिले।
इन कैप्सूल में रासायनिक पेस्ट के रूप में सोना छिपाए जाने का संदेह था। पैकिंग समेत इनका कुल वजन करीब 1,596 ग्राम बताया गया।
पेस्ट से निकलीं सोने की दो छड़ें
Delhi Airport Gold Smuggling:संदिग्ध सामग्री को कस्टम्स प्रिवेंटिव कार्यालय ले जाकर निर्धारित प्रक्रिया के तहत जांच की गई। रासायनिक पेस्ट से सोना अलग करने के बाद अधिकारियों को 1,346 ग्राम वजन की दो आयताकार गोल्ड बार मिलीं।
बरामद सोने की कुल टैरिफ वैल्यू करीब 1 करोड़ 88 लाख 20 हजार 715 रुपये आंकी गई है।
ट्रांजिट एरिया में किसी को देना था सोना
Delhi Airport Gold Smuggling:पूछताछ के दौरान यात्री ने कथित तौर पर बताया कि वह जेद्दा से दिल्ली तक सोने को रासायनिक पेस्ट के रूप में लेकर आया था। जांच एजेंसी के अनुसार, दिल्ली एयरपोर्ट के इंटरनेशनल ट्रांजिट एरिया में उसे यह सामग्री किसी अन्य व्यक्ति को सौंपनी थी।
हालांकि, हैंडओवर से पहले ही CISF की जांच में वह पकड़ा गया।
कस्टम्स एक्ट के तहत कार्रवाई
Delhi Airport Gold Smuggling:कस्टम्स प्रिवेंटिव ने बरामद 1,346 ग्राम सोना कस्टम्स एक्ट, 1962 की धारा 110 के तहत जब्त किया है। यात्री को इसी कानून की धारा 104 के तहत गिरफ्तार किया गया है।
अधिकारियों ने मामले में आगे की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि तस्करी के पीछे कौन लोग शामिल हैं और सोना कहां पहुंचाया जाना था।
अहमदाबाद एयरपोर्ट पर भी पकड़ा गया था सोना
Delhi Airport Gold Smuggling:इससे पहले अहमदाबाद एयरपोर्ट पर भी कस्टम्स अधिकारियों ने अलग-अलग मामलों में चार यात्रियों के पास से सोना बरामद किया था। अधिकारियों के अनुसार, इन मामलों में करीब 299.490 ग्राम सोने की ज्वेलरी जब्त की गई थी, जिसकी कीमत 49.23 लाख रुपये से अधिक बताई गई थी।
read this:-Seema Pahuja CBI Officer:कौन हैं CBI अधिकारी सीमा पाहुजा? दिशा सालियान केस की जांच की जिम्मेदारी

