रिपोर्टर: रंजन कुमार
Sheikhpura : बिहार की शेखपुरा पुलिस ने ‘ऑपरेशन मुस्कान’ के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने तकनीकी टीम की मदद से चोरी और गुम हुए 50 मोबाइल फोन बरामद कर उनके असली मालिकों को सौंप दिए हैं। एसपी कार्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान सभी वैध धारकों को उनके फोन लौटाए गए, जिसके बाद लोगों ने शेखपुरा पुलिस के इस कदम की जमकर सराहना की।
महज दो महीने की कड़ी मशक्कत से मिले 10 लाख मूल्य के मोबाइल
Sheikhpura शेखपुरा के एसपी हिमांशु ने बताया कि पुलिस विभाग लगातार गुमशुदा और चोरी हुए मोबाइलों को ट्रेस करने में जुटा हुआ था। महज एक से दो महीने के भीतर तकनीकी टीम (Technical Cell) ने सर्विलांस और अन्य माध्यमों से 50 मोबाइल ढूंढ निकाले। पुलिस के मुताबिक, बरामद किए गए इन मोबाइलों का कुल बाजार मूल्य लगभग 10 लाख रुपये आंका गया है।
एसपी कार्यालय में बांटे गए फोन, असली मालिकों की हुई पहचान
Sheikhpura खोए हुए मोबाइल फोन के असली मालिकों का सत्यापन करने के बाद उन्हें एसपी कार्यालय में आमंत्रित किया गया। सभी जरूरी दस्तावेजों की जांच के उपरांत फोन उनके हाथों में सौंप दिए गए। लंबे समय से खो चुके फोन वापस पाकर लोगों के चेहरे खुशी से खिल उठे और उन्होंने बिहार पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई के प्रति आभार व्यक्त किया।
‘ऑपरेशन मुस्कान’ के जरिए आम लोगों को राहत पहुंचा रही पुलिस
Sheikhpura एसपी हिमांशु ने स्पष्ट किया कि ‘ऑपरेशन मुस्कान’ का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को राहत पहुंचाना और पुलिस के प्रति जनता के विश्वास को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि जिले में जैसे ही किसी मोबाइल के चोरी या गुम होने की सूचना दर्ज होती है, पुलिस की विशेष टीम तुरंत जांच प्रक्रिया में जुट जाती है। आगे भी इस अभियान के तहत अन्य खोए हुए सामान और मोबाइलों की बरामदगी जारी रहेगी।

