KanpurKanpur
Spread the love

रिपोर्टर: योगेन्‍द्र सिंह

Kanpur : उत्तर प्रदेश के कानपुर स्थित साढ़ थाना क्षेत्र के हिरनी गांव में रविवार को लगातार हो रही बारिश के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। यहाँ एक कच्चा मकान अचानक ढह जाने से उसमें मौजूद एक ही परिवार के 5 सदस्य मलबे के नीचे दब गए। इस घटना के बाद पूरे इलाके में चीख-पुकार मच गई। मलबे से निकालकर अस्पताल पहुँचाए गए पीड़ितों में से डॉक्टरों ने 4 लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि एक युवती की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है।

ग्रामीणों और दमकल टीम ने 2 घंटे चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन

Kanpur मकान ढहने की तेज आवाज सुनकर पड़ोसी और ग्रामीण तुरंत घटनास्थल पर पहुँचे और अपने स्तर पर बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही साढ़ थाना पुलिस तथा अग्निशमन विभाग की रेस्क्यू टीम 3 फायर टेंडर और विशेष उपकरणों के साथ मौके पर पहुँची। स्थानीय लोगों और बचाव दल ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद मलबे में दबे सभी पाँचों लोगों को बाहर निकालकर एम्बुलेंस से अस्पताल पहुँचाया।

हादसे में पिता और तीन बेटियों की मौत, बड़ी बेटी हैलट रेफर

Kanpur अस्पताल में डॉक्टरों ने 45 वर्षीय मुकेश कुमार और उनकी तीन बेटियों—माया (17), नीतू (7) और पल्लवी (5) को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल मुकेश की 20 वर्षीय बेटी काजल को प्राथमिक इलाज के बाद कानपुर के हैलट अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया है, जहाँ उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।

डीसीपी ने की मौतों की पुष्टि, गांव में पसरा सन्नाटा

Kanpur घटना पर पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) ने आधिकारिक रूप से परिवार के चार सदस्यों की मौत की पुष्टि की है। हादसे की खबर मिलते ही हिरनी गांव में मातम छा गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने मौके का जायजा लेकर राहत कार्य संपन्न कराया है तथा मामले में आगे की आवश्यक कानूनी प्रक्रिया की जा रही है।

ये भी पढ़े: औरंगाबाद: हाई वोल्टेज तार की चपेट में आने से पति-पत्नी की दर्दनाक मौत, बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप