रूंज, केन और बागे नदी खतरे के निशान से ऊपर; हरदी में दो 108 एंबुलेंस फंसीं, स्कूलों में दो दिन की छुट्टी
अजयगढ़। अजयगढ़ क्षेत्र में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते नदी-नाले उफान पर आ गए हैं। केन, रूंज और बागे नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। कई पुलों के ऊपर से पानी गुजरने के कारण आवागमन प्रभावित हुआ है और अजयगढ़ से कालिंजर को जोड़ने वाले मार्ग पर कई गांवों का संपर्क टूट गया है।
पुलों के ऊपर से बह रहा पानी
अजयगढ़-कालिंजर मार्ग पर रूंज नदी के पुल के ऊपर पानी बह रहा है। वहीं शहपुरा और हरदी पुल भी जलमग्न हो गए हैं। बाढ़ के कारण पुल के दोनों ओर लोगों के फंसे होने की सूचना है। कुछ लोग जान जोखिम में डालकर तेज बहाव के बीच पुल पार करते नजर आ रहे हैं।
बाढ़ के बीच मरीजों को लेकर जा रही एंबुलेंस भी प्रभावित हुई हैं। हरदी गांव में दो 108 एंबुलेंस फंसने की जानकारी सामने आई है। दोनों एंबुलेंस रेफर किए गए मरीजों को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अजयगढ़ की ओर जा रही थीं।
केन नदी का जलस्तर भी बढ़ा
केन नदी में भी पानी लगातार बढ़ रहा है। बीरा-चांदला पुल के आसपास जलस्तर बढ़ने से प्रशासन और स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ गई है। लगातार बारिश के कारण क्षेत्र के अन्य नदी-नालों में भी पानी का बहाव तेज हो गया है।
स्कूलों में दो दिन की छुट्टी
मौसम की गंभीर स्थिति को देखते हुए पन्ना कलेक्टर ने जिले में कक्षा 1 से हायर सेकेंडरी तक के स्कूलों में दो दिन का अवकाश घोषित किया है। प्रशासन की ओर से लोगों से नदी, नाले और जलमग्न पुलों को पार नहीं करने की अपील की जा रही है।
फिलहाल अजयगढ़ और आसपास के इलाकों में बारिश का दौर जारी है। जलस्तर बढ़ने के कारण प्रशासन की चुनौती लगातार बनी हुई है।
