Spread the love

नवी मुंबई से एक बेहद संवेदनशील और मानवता को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक तीन साल की छोटी बच्ची के साथ स्कूल बस के भीतर यौन उत्पीड़न की घिनौनी वारदात को अंजाम दिया गया है। इस घटना के सामने आने के बाद से इलाके में भारी आक्रोश का माहौल है और अभिभावकों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

कैसे सामने आया मामला?

घटना के दिन बस में सवार अन्य सभी बच्चे अपने-अपने स्टॉप पर उतर चुके थे। जब बस में सिर्फ तीन साल की मासूम अकेली रह गई, तब ड्राइवर ने इस सुनसान मौके का फायदा उठाया और बच्ची के साथ कथित तौर पर यौन उत्पीड़न किया। घर लौटने के बाद डमी सहमी मासूम ने रोते हुए अपनी दादी को पूरी आपबीती सुनाई। बच्ची के मुँह से दर्द भरी दास्तान सुनकर परिवार के पैरों तले जमीन खिसक गई।

पुलिस कार्रवाई और सुरक्षा पर सवाल

परिवार ने फौरन इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। शिकायत मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई और आरोपी बस ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

इस घटना ने एक बार फिर स्कूल प्रबंधन और ट्रांसपोर्ट ऑपरेटरों की कार्यप्रणाली पर बड़ा सवालिया निशान लगा दिया है। जब पैरेंट्स अपने बच्चों को स्कूल भेजते हैं, तो वे उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी संस्थानों को सौंपते हैं। ऐसे में इस तरह की घटनाएं बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस-प्रशासन के कड़े निर्देशों की पोल खोलती नजर आ रही हैं। समाज के हर वर्ग से इस मामले में आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है