Spread the love

उचेहरा क्षेत्र में हादसे के बाद पुलिस ने संभाला मोर्चा, संवेदनशील जलभराव वाले रास्तों से दूर रहने की अपील

सतना। जिले के उचेहरा थाना क्षेत्र में करारी नदी के रपटे को पार करते समय दो बाइक सवार युवकों के बह जाने की सूचना से हड़कंप मच गया। घटना ग्राम पंचायत मतरी पतौरा और भरहुत को जोड़ने वाले मार्ग पर हुई।

जानकारी मिलते ही उचेहरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर मौजूद हैं और स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। वहीं, दोनों युवकों की तलाश के लिए SDeRF की टीम द्वारा नदी और आसपास के क्षेत्र में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

सतना के एडिशनल एसपी ग्रामीण प्रेमलाल कुर्वे ने बताया कि रपटे से दो युवकों के बह जाने की सूचना मिली है। दोनों की तलाश के लिए बचाव दल को लगाया गया है और सर्चिंग लगातार जारी है।

अधिकारी ने लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान नदी, नालों और रपटों में पानी बढ़ने पर ऐसे रास्तों को पार करने का प्रयास न करें। जलभराव वाले संवेदनशील स्थानों से दूरी बनाए रखना ही सुरक्षित है।

फिलहाल रेस्क्यू टीम दोनों युवकों की तलाश में जुटी हुई है। पुलिस और बचाव दल की निगरानी में सर्च अभियान जारी है।