Spread the love

पूछताछ में सामने आया मामला, कुल्हाड़ी से वार करने का आरोप; न्यायिक हिरासत में भेजी गई आरोपी

बड़वानी/खेतिया। खेतिया थाना पुलिस ने ग्राम बांदरियावड़ में हुई संदिग्ध मौत के मामले का 24 घंटे के भीतर खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने जांच के बाद मृतक की पत्नी द्वारकीबाई को हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किए जाने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, 31 अगस्त 2026 को सूचना मिली थी कि गांव के उदयसिंग मोरे का सुबह अंतिम संस्कार कर दिया गया, जबकि उसकी मौत की परिस्थितियां संदिग्ध थीं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम गांव पहुंची और मामले की पड़ताल शुरू की।

शुरुआत में मृतक की पत्नी और बच्चों ने किसी तरह की हत्या से इनकार किया। परिवार की ओर से बताया गया कि उदयसिंग चद्दर पर गिरने के कारण घायल हुआ था। हालांकि, घटनास्थल पर लोहे की चद्दर पर खून के निशान मिलने के बाद पुलिस को कहानी पर संदेह हुआ।

पूछताछ में सामने आई वारदात

पुलिस ने मृतक की पत्नी द्वारकीबाई से पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में उसने बताया कि उसका पति लंबे समय से उसके चरित्र पर संदेह करता था और इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था।

पुलिस का कहना है कि घटना वाले दिन दोनों ने शराब पी थी। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और कथित तौर पर द्वारकीबाई ने पास में रखी कुल्हाड़ी से पति के गले पर वार कर दिया। पुलिस के अनुसार, वारदात के बाद परिवार को गुमराह करने के लिए मृतक के घायल होने की झूठी कहानी बताई गई।

आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा

मृतक के दिव्यांग पुत्र जौकीलाल की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज किया। आरोपी द्वारकीबाई को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे केंद्रीय जेल बड़वानी भेजने के आदेश दिए गए।

पुलिस अधीक्षक बड़वानी पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई में खेतिया थाना प्रभारी निरीक्षक सुखलाल भंवर, अजमेर सिंह अलावा, राजेश गुप्ता सहित पुलिस टीम की भूमिका रही।