मारपीट में कई लोग घायल, घायल युवक की शिकायत पर पुलिस ने दर्ज किया मामला
जालौन। कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला पहलवान बाड़ा में दो पक्षों के बीच हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। दोनों ओर से लाठी-डंडों और कथित तौर पर लोहे की रॉड से हमला किए जाने की बात सामने आई है। घटना के दौरान कुछ महिलाएं भी मारपीट करती नजर आईं।
बताया जा रहा है कि घर के बाहर बैठे एक युवक पर दूसरे पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला किया। घायल युवक ने सभासद समेत कई लोगों पर मारपीट करने का आरोप लगाया है।
विवाद के दौरान दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसमें एक युवक को गंभीर चोटें आई हैं। वहीं दूसरे पक्ष के कुछ लोगों के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है।
घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे से मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद मामले ने और तूल पकड़ लिया है।
घायल युवक की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस घटना से जुड़े वीडियो और अन्य तथ्यों की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों की जांच में जुटी है। घटना के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस की निगरानी भी बढ़ाई गई है।
