जलभराव से जनजीवन प्रभावित, यूनियन बैंक परिसर में भी भरा पानी; राहत-बचाव में जुटा प्रशासन
पन्ना। जिले में पिछले 24 घंटे से लगातार हो रही तेज बारिश के कारण कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक जलभराव ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। कई घरों और धार्मिक स्थलों में पानी घुसने से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है।
शहर के आशीष लोक और राजा बाबू कॉलोनी में नाले का पानी दर्जनों घरों में पहुंच गया। रातभर लोग पानी निकालने और अपने सामान को सुरक्षित करने में जुटे रहे। कलेक्ट्रेट के समीप स्थित ऐतिहासिक महाराज सागर तालाब की बाउंड्री वॉल भी तेज बारिश के बीच ढह गई। इसके बाद पानी मुख्य सड़क पर फैल गया। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने बैरिकेडिंग कर मार्ग पर आवागमन रोक दिया।
प्रसिद्ध मानस स्थली लक्ष्मीपुर मंदिर परिसर और आसपास के आवासीय हिस्से में भी दो से तीन फीट तक पानी भरने की सूचना है। जलभराव के कारण लोगों की गृहस्थी का सामान प्रभावित हुआ है और स्थानीय लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीण इलाकों में भी हालात गंभीर
बारिश का असर ग्रामीण क्षेत्रों में भी देखने को मिल रहा है। ग्राम तिलकवा में कई घरों में पानी भर गया। ग्रामीणों को बाल्टियों और पानी निकालने वाले पंप की मदद लेनी पड़ रही है।
यूनियन बैंक के पीछे सहित शहर के कई हिस्सों में सड़कें पानी से लबालब हो गई हैं। कुछ स्थानों पर जलभराव के कारण लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है।
प्रशासन अलर्ट, राहत कार्य जारी
लगातार बारिश और जलभराव को देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी है। राहत एवं बचाव दल जरूरत के अनुसार लोगों की मदद में जुटे हैं। मौसम में फिलहाल सुधार के संकेत नहीं मिलने से प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
लगातार बारिश के कारण उत्पन्न हालात ने शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में जल निकासी व्यवस्था की चुनौतियों को भी सामने ला दिया है। आने वाले घंटों में बारिश की स्थिति पर लोगों और प्रशासन दोनों की नजर बनी हुई है।
