मंदसौर। जिले के नाहरगढ़ थाना क्षेत्र के रतन पिपल्या गांव में उस समय हड़कंप मच गया, जब रात करीब 9 बजे एक मगरमच्छ का बच्चा रिहायशी इलाके में पहुंच गया। करीब 3 से 4 फीट लंबे मगरमच्छ को देखकर ग्रामीणों में कुछ देर के लिए दहशत का माहौल बन गया।
मगरमच्छ के दिखाई देने की सूचना मिलते ही आसपास के लोग सतर्क हो गए। ग्रामीणों ने सावधानी बरतते हुए उसे पकड़ लिया। इसके बाद बिना किसी नुकसान के मगरमच्छ के बच्चे को सुरक्षित रूप से पास की शिवना नदी में छोड़ दिया गया।
रिहायशी क्षेत्र में मगरमच्छ के पहुंचने की खबर से गांव में काफी देर तक अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही। हालांकि, ग्रामीणों की सतर्कता के चलते उसे सुरक्षित पकड़कर नदी में छोड़ दिया गया, जिससे किसी तरह की अप्रिय घटना नहीं हुई।
