रिपोर्टर: सुजीत ठाकुर
Farrukhabad : उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। कमालगंज थाना क्षेत्र में एक पति ने अपने मामा के साथ मिलकर अपनी ही पत्नी को मौत के घाट उतारने की खौफनाक साजिश रची। आरोपियों ने महिला के गले में दुपट्टा बांधकर उसे उफनती गंगा नदी में फेंक दिया, लेकिन महिला की सूझबूझ और हिम्मत से उसकी जान बच गई।
Farrukhabad घुमाने के बहाने ले जाकर रची हत्या की साजिश
पुलिस के अनुसार, घटना 14 अगस्त की बताई जा रही है। आरोपी पति अपनी पत्नी को रिश्तेदारी में घुमाने के बहाने घर से बाहर ले गया था। जैसे ही वे कमालगंज स्थित गंगा नदी के पुल पर पहुंचे, पति ने अपने मामा की मदद से महिला के गले में दुपट्टा लपेट दिया और उसे सीधे नदी में धक्का दे दिया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
Farrukhabad साहस और तैरने की कला से बची महिला की जान
गंगा नदी के तेज बहाव में गिरने के बावजूद पीड़िता ने हिम्मत नहीं हारी। उसने किसी तरह खुद को संभाला और तैरते हुए नदी के किनारे तक पहुँचने में सफल रही। वहां मौजूद स्थानीय ग्रामीणों ने महिला की आवाज सुनकर उसे सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद पीड़िता ने तुरंत स्थानीय पुलिस स्टेशन पहुँचकर पति और उसके मामा के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई, दोनों आरोपी भेजे गए जेल
पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति तथा उसके मामा को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान पति ने प्रेम विवाह की बात स्वीकारते हुए पत्नी के चरित्र पर शक जताने का प्रयास किया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी साक्ष्यों की गहनता से पड़ताल की जा रही है और दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

