रिपोर्टर: विजय राजौरिया
Ratlam : मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में शुक्रवार देर रात दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर एक भीषण सड़क हादसा घटित हुआ, जिसमें तीन महिलाओं सहित चार लोगों की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस दुर्घटना में पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें तत्काल इलाज के लिए रतलाम मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
Ratlam खाटू श्याम दर्शन के लिए जा रहा था परिवार
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित सभी लोग एक ही परिवार के सदस्य थे और झाबुआ जिले के पारा शहर से राजस्थान स्थित प्रसिद्ध खाटू श्याम मंदिर के दर्शन के लिए रवाना हुए थे। यह हादसा शुक्रवार रात करीब 11:30 बजे शिवगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत राजलिया पाड़ा गांव के पास हुआ। घायलों में एक तीन वर्ष की बच्ची और एक 10 वर्ष का बालक भी शामिल है, जिनकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
Ratlam तेज रफ्तार और ओवरटेकिंग के प्रयास में हादसा
शुरुआती जांच और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार काफी तेज गति में थी। सड़क किनारे खड़े एक ट्रक को ओवरटेक करने के प्रयास में ड्राइवर ने वाहन पर से अपना नियंत्रण खो दिया। अनियंत्रित होकर कार कई बार पलटी और खड़े ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि चार सवारों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
पुलिस जांच और राहत कार्य जारी
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों की मदद से शिवगढ़ थाना पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकाला और एम्बुलेंस के माध्यम से अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
ये भी पढ़े: बांसवाड़ा में सनसनीखेज वारदात: पत्नी के मायके आने से नाराज दामाद ने सास की गला रेतकर की हत्या

