रिपोर्टर: प्रवीण पमार
Barnala : पंजाब के बरनाला जिले में भदौड़ विधानसभा क्षेत्र के तहत आने वाले गांव काहनेके का 22 वर्षीय अग्निवीर जवान कुलविंदर सिंह देश की सेवा करते हुए वीरगति को प्राप्त हो गया है। फिरोजपुर में तैनात कुलविंदर सिंह की शहादत की खबर मिलते ही उनके गृहनगर और आसपास के इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। इस दुखद समाचार के बाद गांव में सन्नाटा पसर गया और शहीद जवान के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
Barnala साधारण परिवार का सहारा थे कुलविंदर
पंजाब मंडी बोर्ड के चेयरमैन तरसेम सिंह ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए बताया कि कुलविंदर सिंह एक बेहद साधारण और आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से ताल्लुक रखते थे। उन्होंने गांव के सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल से 12वीं की पढ़ाई पूरी की और करीब चार साल पहले देश सेवा के जज्बे के साथ सेना में बतौर अग्निवीर भर्ती हुए थे। छोटी उम्र में ही उन्होंने परिवार की जिम्मेदारी संभाली थी और वे अपने माता-पिता के मुख्य संबल थे।
Barnala सैन्य सम्मान के साथ होगा अंतिम संस्कार
कुलविंदर सिंह की अचानक हुई शहादत से उनके परिजनों और पूरे गांव पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनके सर्वोच्च बलिदान को नमन करते हुए आज उनका अंतिम संस्कार पूर्ण सैन्य सम्मान के साथ किया जाएगा, जिसमें स्थानीय नागरिक और प्रशासनिक अधिकारी श्रद्धांजलि देने पहुंचेंगे।
पंजाब सरकार का अग्निवीरों के लिए आरक्षण का कदम
इस दुखद घटना के बीच राज्य में अग्निवीरों के भविष्य को लेकर पंजाब सरकार की पहल भी रेखांकित की गई है। सरकार ने अग्निपथ योजना के तहत सेवा पूरी करने वाले अग्निवीरों के लिए राज्य की नौकरियों में आरक्षण नीति तैयार करने हेतु उच्च-स्तरीय समिति का गठन किया है। मुख्यमंत्री के अनुसार, सैन्य अनुभव प्राप्त इन युवाओं का उपयोग पंजाब पुलिस, जेल, वन विभाग, होम गार्ड, फायर सर्विस और PESCO जैसे विभागों को मजबूत करने के लिए किया जाएगा।
ये भी पढ़े: शोपियां में दिखा बदलाव का संदेश: लश्कर आतंकी आबिद रमज़ान शेख के परिजनों ने घर पर फहराया तिरंगा

