MungerMunger
Spread the love

रिपोर्टर: अतहर खान

Munger : बिहार के मुंगेर जिले में मुफस्सिल थाना परिसर से जब्त गिट्टी लदा एक ट्रक रहस्यमयी तरीके से गायब होने के मामले में मुंगेर एसपी सैयद इमरान मसूद ने कड़ी कार्रवाई की है। जांच रिपोर्ट आने के बाद थाना के मुंशी और ओडी ड्यूटी पर तैनात सिपाही को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। वहीं, तत्कालीन थानाध्यक्ष और खनन निरीक्षक के खिलाफ भी विभागीय कार्रवाई की अनुशंसा की गई है।

Munger 3 जुलाई को जब्त हुआ था 11 लाख के चालान वाला ट्रक

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गत 3 जुलाई 2026 को खनन विभाग की टीम ने गिट्टी से लदे एक ट्रक को जब्त किया था। नियमानुसार 11 लाख 18 हजार रुपये का चालान काटने के बाद ट्रक को मुफस्सिल थाना की अभिरक्षा में सौंपा गया था और जब्ती सूची की रिसीविंग भी ली गई थी। हालांकि, कुछ ही दिनों में थाना परिसर के अंदर से ही जब्त ट्रक गायब हो गया, जिससे पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया था।

Munger एसपी द्वारा गठित जांच टीम की रिपोर्ट पर एक्शन

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी सैयद इमरान मसूद ने मुख्यालय डीएसपी अर्जुन कुमार गुप्ता के नेतृत्व में एक जांच टीम का गठन किया था। जांच में पाया गया कि शुरुआती दौर में पुलिस अधिकारियों ने यह कहकर पल्ला झाड़ने की कोशिश की थी कि खनन विभाग ने जब्ती सूची नहीं दी थी, लेकिन खनन विभाग द्वारा एसपी के समक्ष रिसीविंग कॉपी प्रस्तुत किए जाने पर पुलिस की लापरवाही उजागर हो गई।

थानाध्यक्ष के निलंबन की अनुशंसा, राजेश कुमार बने नए थाना प्रभारी

जांच रिपोर्ट के आधार पर मुंशी (सिपाही) अरविंद कुमार और ओडी ड्यूटी पर तैनात सिपाही धनंजय कुमार को निलंबित कर दिया गया है। इसके अलावा तत्कालीन थानाध्यक्ष विपिन कुमार सिंह के निलंबन की अनुशंसा डीआईजी (DIG) से तथा खनन निरीक्षक मोहम्मद अरमान पर प्रशासनिक कार्रवाई की अनुशंसा जिलाधिकारी (DM) से की गई है। प्रशासनिक फेरबदल के तहत अब राजेश कुमार को मुफस्सिल थाना का नया थानाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

ये भी पढ़े: साकची शिव मंदिर में सुलतानगंज के गंगाजल से हुआ सहस्त्रघट जलाभिषेक, 25 अगस्त को अग्रसेन भवन में मनेगा जीण माता का सिंघारा व झूलन उत्सव