RanchiRanchi
Spread the love

रिपोर्टर: योगेन्‍द्र सिंह

Ranchi : झारखंड की राजधानी रांची में प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित धांधली और अनियमितताओं के खिलाफ छात्रों का विरोध प्रदर्शन 16वें दिन भी जारी है। प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो वे 10 अगस्त को झारखंड विधानसभा का घेराव करेंगे। आंदोलन के उग्र रूप को देखते हुए राज्य सरकार बैकफुट पर नजर आ रही है। सूत्रों के मुताबिक, सरकार 14वीं JPSC सिविल सेवा प्रारंभिक (PT) परीक्षा सहित कुछ अन्य विवादित परीक्षाओं को रद्द करने का फैसला ले सकती है।

Ranchi गतिरोध सुलझाने के लिए वार्ता जारी, जयराम महतो का निर्जला अनशन

छात्रों के विधानसभा मार्च से पहले स्थिति को संभालने के लिए राज्य सरकार के प्रतिनिधियों और छात्र नेताओं के बीच दौर-दर-दौर बातचीत चल रही है। हालांकि, शुक्रवार और शनिवार को हुई दो राउंड की वार्ता बेनतीजा रही थी।

इस बीच, आंदोलन को समर्थन देते हुए विधायक जयराम महतो ने रविवार को पुराने विधानसभा परिसर में 24 घंटे का निर्जला अनशन शुरू कर दिया है। जेपीएससी-जेएसएससी अभ्यर्थी न्याय मंच और देवेंद्र महतो ग्रुप के नेतृत्व में चल रहे इस प्रदर्शन में एनएसयूआई (NSUI) और ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) के कार्यकर्ता भी हिस्सा ले रहे हैं। इसके अलावा कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रतिनिधिमंडल ने भी मौके पर पहुंचकर छात्रों की मांगों का समर्थन किया है।

Ranchi गड़बड़ी की जांच तेज: CID ने JPSC के तीन सदस्यों को भेजा समन

परीक्षा में हुई कथित धांधली की पड़ताल कर रही सीआईडी (CID) ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। सीआईडी ने झारखंड लोक सेवा आयोग के तीन मौजूदा सदस्यों—डॉ. अजिता भट्टाचार्य, डॉ. अनिमा हांसदा और डॉ. जमाल अहमद को पूछताछ के लिए समन जारी किया है। इन तीनों अधिकारियों से परीक्षा प्रक्रिया, प्रश्नपत्रों के वितरण और परीक्षा से जुड़े अहम फैसलों को लेकर पूछताछ की जाएगी।

न्यायिक जांच और प्रक्रियात्मक बदलाव पर बन सकती है सहमति

गंभीर आरोपों के बीच सरकार और छात्रों के बीच सीबीआई या सीआईडी जांच के बजाय एक उच्चस्तरीय न्यायिक जांच पर सहमति बनने के आसार जताए जा रहे हैं। इसके साथ ही भविष्य की परीक्षाओं को पारदर्शी बनाने के लिए चयन प्रक्रिया और नियमों में जरूरी सुधार की मांगों को भी सरकार स्वीकार कर सकती है।

ये भी पढ़े: बिलासपुर में अजीबोगरीब मामला: HC के चीफ जस्टिस पर काला जादू करते एक गिरफ्तार, श्मशान घाट से फोटो, नींबू और सिंदूर बरामद