MuzaffarpurMuzaffarpur
Spread the love

रिपोर्टर: रविन्‍द्र सिंह

Muzaffarpur : बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में पुलिस ने एटीएम के जरिए निर्दोष लोगों को चूना लगाने वाले एक बड़े अंतरजिला साइबर फ्रॉड गिरोह का पर्दाफाश किया है। अहियापुर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के मुख्य सूत्रधार सन्नी बाबा उर्फ ऋषव को दबोच लिया है। पुलिस ने आरोपी के ठिकाने से विभिन्न बैंकों के 69 एटीएम कार्ड और एक मोबाइल फोन जब्त किया है।

Muzaffarpur गुप्त सूचना पर पुलिस की छापेमारी, किराए के मकान से धराया आरोपी

नगर एसडीपीओ विनीता सिन्हा ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को अहियापुर इलाके में एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने वाले गिरोह की सक्रियता की खबर मिली थी। एसएसपी के निर्देश पर बनी विशेष टीम ने बड़ा जगन्नाथ स्थित इंदिरा नर्सिंग होम के पीछे एक किराए के कमरे पर छापा मारकर आरोपी सन्नी बाबा (निवासी बसुआ, थाना औराई) को गिरफ्तार किया। आरोपी पर मुजफ्फरपुर और आसपास के जिलों में 100 से अधिक ठगी की घटनाओं को अंजाम देने का आरोप है।

Muzaffarpur जानिए ठगी का अनोखा तरीका: मशीन में कार्ड फंसाकर बनाते थे निशाना

पूछताछ में पुलिस को गिरोह के काम करने के तरीके (Modus Operandi) का पता चला। आरोपी एटीएम बूथ में पहले से घात लगाकर बैठते थे। जब कोई ग्राहक पैसे निकालने आता, तो शातिर मशीन में छेड़छाड़ कर उसका कार्ड फंसा देते थे। बूथ के अंदर आधिकारिक कस्टमर केयर की जगह अपना नंबर चिपका दिया जाता था। जैसे ही ग्राहक मदद के लिए उस नंबर पर कॉल करके या परेशान होकर बाहर निकलता, गिरोह के सदस्य असली कार्ड निकालकर ‘ब्लैक कार्ड’ की मदद से क्लोन तैयार कर लेते थे और खाते से पैसे उड़ा लेते थे।

10 से 15 सदस्यों का गिरोह, पुलिस की छापेमारी जारी

डीएसपी के मुताबिक, इस नेटवर्क में लगभग 10 से 15 अन्य लोग शामिल हैं, जिनकी पहचान कर गिरफ्तारी के लिए लगातार ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। बरामद किए गए 69 एटीएम कार्ड्स की जांच की जा रही है ताकि पीड़ित खाताधारकों की पहचान की जा सके और उनके मामलों को सुलझाया जा सके।

ये भी पढ़े: ग्वालियर में आबकारी विभाग का बड़ा छापा: 3 लाख से अधिक की अवैध शराब और लहान नष्ट, 7 मामले दर्ज