Spread the love

राजधानी दिल्ली में कानून-व्यवस्था को चुनौती देते हुए बेखौफ बदमाशों ने महज 24 घंटे के अंदर हत्या की तीन सनसनीखेज वारदातों को अंजाम दे दिया है। केशवपुरम, अशोक विहार और न्यू कर्दमपुरी इलाकों में हुई इन आपराधिक घटनाओं से पूरी दिल्ली में खौफ और सनसनी का माहौल है। पुलिस प्रशासन लगातार आरोपियों की धरपकड़ के लिए छापेमारी कर रहा है, लेकिन एक के बाद एक हुए इन अपराधों ने आम जनता की सुरक्षा पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।

अशोक विहार के पार्क में विवाद के बाद युवक पर चाकुओं से हमला, इलाज के दौरान मौत

ताजा मामला उत्तरी दिल्ली के अशोक विहार इलाके से सामने आया है। जानकारी के मुताबिक, सुनील नाम का युवक अपने दोस्त के साथ एक स्थानीय पार्क में बैठा हुआ था। इसी दौरान वहां मौजूद 3 से 4 लड़कों के साथ उनकी किसी बात को लेकर बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने सुनील पर चाकुओं से ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल सुनील को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक नाबालिग को हिरासत में लिया है और अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

केशवपुरम में देखभाल का काम करने वाली 20 वर्षीय युवती की सिर में गोली मारकर हत्या

अशोक विहार की घटना से कुछ ही समय पहले केशवपुरम के शांति नगर स्थित एक इमारत की तीसरी मंजिल पर 20 वर्षीय युवती की निर्मम हत्या कर दी गई। सूचना मिलने पर जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची, तो कमरे के अंदर खून से लथपथ शव बरामद हुआ। मृतका की पहचान आजादपुर निवासी ज्योति (पिता- कैलाश) के रूप में हुई है, जो उस बिल्डिंग में दिन के समय केयरटेकर का काम करती थी। अज्ञात हत्यारा वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस की कई टीमें जुटी हुई हैं।

न्यू कर्दमपुरी में 17 वर्षीय नाबालिग की चाकू घोंपकर हत्या, पुलिस जांच में जुटी

इसी 24 घंटे के भीतर तीसरी वारदात उत्तर-पूर्वी दिल्ली के न्यू कर्दमपुरी इलाके में घटी, जहां एक 17 साल के नाबालिग लड़के को अपराधियों ने चाकू से गोदकर मौत के घाट उतार दिया। एक ही दिन में तीन अलग-अलग इलाकों में हुई इन हत्याओं ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है। पुलिस सभी मामलों में प्राथमिक दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों से पूछताछ कर रही है।