रिपोर्टर: योगेन्द्र सिंह
Amroha : सोशल मीडिया पर रील्स और वीडियो बनाकर पहचान बनाने वाली तीन यूट्यूबर बहनें इन दिनों अपनी अनोखी शादी को लेकर जबरदस्त सुर्खियों में हैं। अमरोहा जिले में तीनों बहनों ने अपने ही कैमरामैन से एक साथ विवाह कर लिया है। इस शादी के वीडियो और तस्वीरें वायरल होने के बाद जहां एक तरफ लोग इसका विरोध कर रहे हैं, वहीं तीनों बहनों ने खुद को बालिग बताते हुए अपने फैसले को बिल्कुल सही ठहराया है।
Amroha मंदिर में लिए सात फेरे, सोशल मीडिया पर वायरल हुई तस्वीरें
पूरा मामला अमरोहा जिले के हसनपुर कोतवाली अंतर्गत धौरिया गांव का है। यहाँ रहने वाली तीन यूट्यूबर बहनों ने बीते 17 जुलाई को गांव के ही एक मंदिर में विकास उर्फ विक्की नाम के युवक के साथ शादी रचाई। विकास इन तीनों बहनों के यूट्यूब चैनल ‘एके 1990’ के लिए कैमरामैन का काम करता है। शादी का वीडियो सामने आने के बाद इसमें विकास तीनों युवतियों की मांग में सिंदूर भरते और फेरे लेते नजर आ रहा है।
‘बचपन से साथ रहने की कसम खाई थी’ – बहनों का तर्क
शादी के बाद उठ रहे सवालों का जवाब देते हुए तीनों बहनों ने एक वीडियो जारी कर अपनी सफाई दी है। उनका कहना है कि वे बचपन से ही एक-दूसरे से अलग नहीं होना चाहती थीं, इसलिए उन्होंने एक ही युवक से शादी करने का फैसला किया। समाज के विरोध पर उन्होंने तर्क दिया कि पौराणिक काल में राजा दशरथ की भी तीन रानियां थीं, इसलिए उन्होंने कुछ भी गलत नहीं किया है। बता दें कि इनमें से दो सगी बहनें हैं और एक उनकी मौसेरी बहन है।
पुलिस ने की पूछताछ, सभी निकले बालिग
इस अनोखी शादी की खबर सामने आने के बाद परिजनों और स्थानीय समाज में काफी नाराजगी देखी जा रही है। मामला संज्ञान में आने पर स्थानीय थाना पुलिस ने तीनों युवतियों (सरोज, सावित्री, संतोष) और युवक (विकास) को बुलाकर पूछताछ की। पुलिस द्वारा उम्र से जुड़े दस्तावेजों की जांच में चारों बालिग पाए गए। चारों ने अपनी मर्जी से शादी करने की बात कही है। फिलहाल पुलिस को इस मामले में किसी भी पक्ष से कोई औपचारिक शिकायत प्राप्त नहीं हुई है।
ये भी पढ़े: जामताड़ा में 41 लाख का स्वास्थ्य उपकेंद्र बेकार, 300 मीटर की दूरी पर नया निर्माण शुरू; उठे सवाल

