रिपोर्टर: रंजन कुमार
Sheikhpura Uttam Sharma Murder Case : बिहार के शेखपुरा जिले से एक बड़ी सफलता सामने आई है, जहाँ पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उत्तम शर्मा हत्याकांड का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। सदर थाना क्षेत्र के कारे गांव में हुई इस सनसनीखेज हत्या के दो मुख्य आरोपियों को पुलिस ने हथियार के साथ दबोच लिया है। एसडीपीओ डॉ. राकेश कुमार ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर इस पूरी कार्रवाई की विस्तृत जानकारी साझा की।

Sheikhpura Uttam Sharma Murder Case मटोखर गांव में घेराबंदी कर दबोचे गए हत्यारोपी
एसडीपीओ डॉ. राकेश कुमार ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान उदय यादव और रोबिन यादव के रूप में हुई है, जो आपस में मामा और भांजा हैं। रविवार की शाम वारदात को अंजाम देने के बाद से ही दोनों फरार चल रहे थे और मटोखर गांव के एक घर में छिपे हुए थे। पुलिस को जैसे ही इनके ठिकाने की गुप्त सूचना मिली, देर रात एसडीपीओ की अगुवाई में विशेष टीम ने पूरे इलाके को घेर लिया और दोनों को धर दबोचा।
Sheikhpura Uttam Sharma Murder Case वारदात में इस्तेमाल हथियार बरामद, FSL जांच के लिए भेजा गया
पुलिस ने गिरफ्तार अपराधियों के पास से एक अवैध देसी कट्टा भी बरामद किया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया इसी हथियार से उत्तम शर्मा को गोली मारी गई थी। हालांकि, पुख्ता वैज्ञानिक सबूत जुटाने के लिए बरामद कट्टे को फोरेंसिक साइंस लैब (FSL) जांच के लिए भेज दिया गया है, ताकि बैलिस्टिक रिपोर्ट के जरिए यह साबित हो सके कि इसी पिस्टल से गोली चली थी।
Sheikhpura Uttam Sharma Murder Case अवैध खनन पर कब्जे के विवाद में हुई थी उत्तम की हत्या
गौरतलब है कि रविवार की देर शाम अवैध खनन क्षेत्र पर अपना वर्चस्व और कब्जा जमाने की रंजिश में कारे गांव के निवासी उत्तम शर्मा की बदमाशों ने सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस खूनी खेल के बाद मृतक के छोटे भाई उदय शर्मा ने सदर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इस एफआईआर में कारे गांव के रोबिन यादव, सिकंदर यादव और मटोखर के उदय यादव समेत कुल 7 लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है। पुलिस बाकी फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

