रिपोर्टर: विनय चतुर्वेदी
Shri Sawariya Seth Temple Donation : राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले में स्थित सुप्रसिद्ध कृष्ण धाम श्री सांवलिया सेठ मंदिर में जून महीने के मासिक भंडार की गणना पूरी हो गई है। हर महीने की तरह इस बार भी मंदिर मंडल की कड़ी निगरानी में भगवान का भंडार खोला गया। इस बार श्रद्धालुओं ने ठाकुर जी के चरणों में दिल खोलकर संपत्ति अर्पित की है, जिससे मंदिर के खजाने ने दान के पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं।
Shri Sawariya Seth Temple Donation 7 चरणों में पूरी हुई नोटों की गिनती, 110 किलो चांदी भी मिली
मंदिर मंडल के अध्यक्ष हजारी दास वैष्णव ने बताया कि भंडार से प्राप्त चढ़ावे की गिनती कुल 7 चरणों में पूरी की गई। इस बार मंदिर के खाते में कुल 40 करोड़ 81 लाख 40 हजार 278 रुपये की भारी-भरकम राशि आई है।
- नकद और ऑनलाइन का विवरण: मंदिर के मुख्य भंडार (दानपात्र) से 33 करोड़ 15 लाख 18 हजार 759 रुपये नकद निकले, जबकि ऑनलाइन माध्यमों और भेंटकक्ष से 7 करोड़ 66 लाख 21 हजार 519 रुपये की प्राप्ति हुई।
- सोना और चांदी: नकदी के अलावा देश-विदेश से आए भक्तों ने मंदिर में 1 किलो 738 ग्राम 800 मिलीग्राम सोना और 110 किलो 648 ग्राम चांदी भी श्रद्धापूर्वक अर्पित की है।
Shri Sawariya Seth Temple Donation पिछले साल के मुकाबले 11 करोड़ रुपये से ज्यादा की बढ़ोतरी
श्री सांवलिया सेठ मंदिर में इस साल जून महीने का चढ़ावा पिछले वर्ष की तुलना में करीब 11 करोड़ 28 लाख 17 हजार 863 रुपये अधिक रहा। पिछले साल 24 जून 2025 को हुई भंडार की गणना में 29 करोड़ 53 लाख 22 हजार 415 रुपये का चंदा मिला था। मंदिर प्रशासन का कहना है कि साल दर साल चढ़ावे में हो रहा यह जबरदस्त इजाफा सांवलिया सेठ के प्रति देश भर के श्रद्धालुओं की अटूट आस्था और निरंतर बढ़ती लोकप्रियता का प्रतीक है।
Shri Sawariya Seth Temple Donation बैंक कर्मियों और मंदिर पदाधिकारियों की मौजूदगी में हुई गिनती
भंडार से निकली विशाल धनराशि और आभूषणों की पारदर्शिता के साथ सार्वजनिक रूप से गिनती कराई गई। इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया के दौरान मंदिर मंडल के अध्यक्ष हजारी दास वैष्णव, मुख्य कार्यपालक अधिकारी दिनेश चंद्र धाकड़, प्रशासनिक अधिकारी शिव शंकर पारीक समेत विभिन्न पदाधिकारी, सुरक्षाकर्मी और बैंक के कर्मचारी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
ये भी पढ़े: India Slams Pakistan At UNSC: कश्मीर राग अलापने पर पर्वतानेनी हरीश ने दिखाया आईना

