SupaulSupaul
Spread the love

रिपोर्टर: अजीत कुमार ठाकुर

Supaul Woman Mobile Tower Incident : बिहार के सुपौल जिले से एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहाँ न्याय की गुहार लगाते-लगाते थक चुकी एक बेबस महिला अपने 12 साल के मासूम बेटे के साथ मोबाइल टावर पर चढ़ गई। मंगलवार की सुबह जैसे ही स्थानीय लोगों ने महिला और बच्चे को टावर की ऊंचाई पर देखा, इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस और प्रशासनिक महकमा तुरंत एक्शन में आया और दोनों को सुरक्षित नीचे उतारने की जद्दोजहद में जुट गया।

Supaul Woman Mobile Tower Incident दिल्ली में हुआ था प्रेम विवाह, पति ने दूसरी शादी कर घर से निकाला

यह पूरा मामला राघोपुर थाना क्षेत्र के सिमराही वार्ड संख्या-4 स्थित दुर्गा मंदिर के पीछे का है। टावर पर चढ़ी महिला की पहचान मधेपुरा जिले के बिहारीगंज थाना क्षेत्र की रहने वाली गुड्डी देवी के रूप में हुई है। पीड़ित महिला का आरोप है कि करीब 10 साल पहले मोतीपुर के रहने वाले अमरेंद्र ठाकुर ने दिल्ली-गुरुग्राम में उससे प्रेम विवाह किया था, जिससे उनका एक 12 वर्षीय बेटा भी है। आरोप है कि कुछ समय बाद पति ने गुपचुप तरीके से दूसरी शादी रचा ली और पहली पत्नी व बच्चे को दर-दर भटकने के लिए छोड़ दिया।

Supaul Woman Mobile Tower Incident ‘थाने से नहीं मिला न्याय, अब DM-SP खुद आएं तभी उतरूंगी नीचे’

गुड्डी देवी ने रोते हुए बताया कि वह अपने हक और न्याय के लिए कई बार स्थानीय पुलिस और अधिकारियों की चौखट पर गई, लेकिन उसकी फरियाद को हर बार अनसुना कर दिया गया। व्यवस्था की इसी बेरुखी और उपेक्षा से तंग आकर उसने आत्मघाती कदम उठाने का फैसला किया। टावर के ऊपर से महिला ने चिल्लाते हुए साफ अल्टीमेटम दिया कि जब तक जिले के जिलाधिकारी (DM) और पुलिस अधीक्षक (SP) खुद मौके पर आकर उसे इंसाफ दिलाने का ठोस भरोसा नहीं देते, वह अपने बच्चे के साथ नीचे नहीं उतरेगी।

Supaul Woman Mobile Tower Incident भारी भीड़ के बीच रेस्क्यू ऑपरेशन जारी, प्रशासन के फूले हाथ-पांव

महिला और बच्चे की जान जोखिम में देख प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए हैं। मौके पर भारी संख्या में ग्रामीणों और राहगीरों का हुजूम उमड़ पड़ा है, जिसे नियंत्रित करने के लिए पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है। सुरक्षा के लिहाज से टावर के आसपास के घेरे को खाली करा दिया गया है। खबर लिखे जाने तक पुलिस और स्थानीय अधिकारियों की टीम लाउडस्पीकर के जरिए महिला को लगातार समझाने-बुझाने और इस हाई-वोल्टेज ड्रामे का शांतिपूर्ण समाधान निकालने की कोशिशों में जुटी हुई है।

ये भी पढ़े: Morena Azad Nagar House Firing Incident: नकाबपोश बदमाशों ने घर पर की ताबड़तोड़ फायरिंग, सीसीटीवी फुटेज आते ही पुलिस में हड़कंप

You missed