रिपोर्टर: प्रेम श्रीवास्तव
Memorable Musical Evening : कला और संगीत को समर्पित जानी-मानी संस्था ‘म्यूजिक गैलरी A to Z’ द्वारा भारतीय पाशर्व गायन की जीवंत किंवदंती आशा भोसले जी के सम्मान में एक भव्य एवं भावपूर्ण श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सिदगोड़ा में सजी इस सुरमयी शाम का मुख्य उद्देश्य आशा जी के छह दशक लंबे जादुई संगीत सफर और उनके सदाबहार तरानों को संगीत प्रेमियों के बीच नए अंदाज में जीवंत करना था। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा पारंपरिक रूप से दीप प्रज्वलन कर और आशा जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया।
Memorable Musical Evening सदाबहार गीतों से बंधा समां, झूम उठे श्रोता
समारोह में ‘म्यूजिक गैलरी’ के नए और अनुभवी फनकारों ने अपनी मखमली आवाज से सुरों का ऐसा ताना-बाना बुना कि दर्शक मंत्रमुग्ध हो गए। सुर साम्राज्ञी आशा भोसले के विविध आयामी करियर को याद करते हुए कलाकारों ने उनके रोमांटिक गीतों, संजीदा गजलों, कव्वालियों और थिरकने पर मजबूर करने वाले फास्ट नंबर्स की शानदार प्रस्तुतियां दीं। मंच से जब ‘चुरा लिया है तुमने जो दिल को’, ‘आइए मेहरबां’, ‘इन आंखों की मस्ती के’ और ‘दम मारो दम’ जैसे कल्ट गानों की तान छिड़ी, तो पूरा हॉल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
Memorable Musical Evening संगीत की चलती-फिरती यूनिवर्सिटी हैं आशा जी: आयोजक
संस्था के मार्गदर्शक देव ने इस भावुक मौके पर अपने विचार साझा करते हुए कहा, “आशा भोसले जी महज़ एक पार्श्व गायिका नहीं हैं, बल्कि वे भारतीय संगीत की एक संपूर्ण यूनिवर्सिटी हैं। उनकी जादुई आवाज ने हर दौर की पीढ़ी को प्रभावित और प्रेरित किया है। हमारी संस्था का यह प्रयास उनकी इसी महान संगीत विरासत को नमन करने और इसे जन-जन के दिलों में संजोए रखने की एक छोटी सी कोशिश है।”
Memorable Musical Evening दिग्गजों की मौजूदगी में सुरमयी सफर का समापन
इस गरिमामयी शाम को और खास बनाने के लिए मुख्य अतिथि के रूप में ‘आगाज़’ संस्था के संस्थापक अध्यक्ष इंदरजीत सिंह, प्रख्यात समाजसेविका रंजना शर्मा, सत्यजीत सिंह, ठाकुर कालिंदीय और शंभू डुंगरी शामिल हुए। मुख्य कलाकारों और संगीतकारों की टोली में पायल, रवीना, पूजा, मनप्रीत, दीपिका, पप्पू मुखी, जय मुखी, उमेश शर्मा, दर्श राज चौसा और देव डी राज ने अपनी कला का प्रदर्शन किया। सभी उपस्थित गणमान्य लोगों ने म्यूजिक गैलरी A to Z के इस सांस्कृतिक प्रयास की मुक्तकंठ से सराहना की। कार्यक्रम के अंत में औपचारिक धन्यवाद ज्ञापन के साथ इस सुरमई महफिल का समापन हुआ।
ये भी पढ़े: Road rage in Gurugram: साइड न देने पर कार चालक को पीटा, स्कार्पियो सवार BBA के दो छात्र गिरफ्तार

