रिपोर्टर: उमंग कुमार
Basti : उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले से सरकारी दावों की हवा निकालती एक बेहद चौंकाने वाली तस्वीर सामने आई है। यहाँ जल जीवन मिशन के तहत करोड़ों रुपये की लागत से बनी पानी की नई नवेली टंकी पहली ही टेस्टिंग में पूरी तरह जमींदोज हो गई। पानी का न्यूनतम दबाव भी न झेल पाने के कारण यह ओवरहेड टैंक बीच से फट गया, जिससे हजारों लीटर पानी सड़कों पर बहकर बर्बाद हो गया। इस हादसे ने निर्माण कार्य में हुए बड़े घोटाले को सरेआम उजागर कर दिया है।
Basti महज 5 महीने में ही ढह गया सरकारी ढांचा
यह शर्मनाक मामला बस्ती जिले के कुदरहा ब्लॉक के अंतर्गत आने वाले ग्राम राजपुर का है। ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से महज पांच महीने पहले ही इस पानी की टंकी का निर्माण कार्य पूरा किया गया था। स्थानीय निवासियों का कहना है कि जब शुरुआती दौर में इस टंकी में पानी की सप्लाई शुरू की गई थी, तभी से इसमें भारी तकनीकी खामियां और लीकेज दिखाई देने लगा था। इसके बावजूद विभागीय अधिकारियों ने आंखें मूंदे रखीं, जिसका नतीजा इस बड़े हादसे के रूप में सामने आया।
Basti घटिया निर्माण और ठेकेदार-अफसर सांठगांठ के आरोप
हादसे के बाद से स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। लोगों का सीधा आरोप है कि ठेकेदार और संबंधित इंजीनियरों के गठजोड़ के कारण निर्माण कार्य में बेहद घटिया और घटिया दर्जे की सामग्री का इस्तेमाल किया गया। बिना किसी जमीनी गुणवत्ता जांच (Quality Check) के इस पूरे प्रोजेक्ट को कागजों पर हरी झंडी दे दी गई। ग्रामीणों का सवाल है कि जब शुरुआत में ही लीकेज की शिकायतें आ रही थीं, तो जिम्मेदार तकनीकी अधिकारियों ने समय रहते ठेकेदार पर शिकंजा क्यों नहीं कसा?
Basti बड़े चेहरों को बचाने की कोशिश, ऑपरेटर पर गिराई गाज
करोड़ों रुपये की बर्बादी और परियोजना के विफल होने के बाद जिला प्रशासन और जल निगम बैकफुट पर आ गए हैं। हालांकि, अपनी साख बचाने के लिए प्रशासन ने मुख्य दोषियों को छूने के बजाय केवल एक छोटे पंप ऑपरेटर पर दंडात्मक कार्रवाई करके मामले से पल्ला झाड़ लिया है। मुख्य ठेकेदार और निगरानी की जिम्मेदारी संभाल रहे उच्च अधिकारियों पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है, जिसे लेकर जनता में गहरा रोष है। फिलहाल, इस पूरे निर्माण कार्य की उच्च स्तरीय जांच की मांग तेज हो गई है।
ये भी पढ़े: Grahan Yog: 19 June 2026 को चंद्र-केतु की युति से बनेगा ग्रहण योग, इन 3 राशियों को रहना होगा सतर्क

