FirozabadFirozabad
Spread the love

रिपोर्टर: प्रेमपाल सिंंह

Firozabad : उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हासिल हुई है। शिकोहाबाद थाना क्षेत्र में एक स्वर्ण व्यवसायी की आँखों में मिर्च पाउडर झोंककर लाखों की सनसनीखेज लूट को अंजाम देने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के तीन शातिर बदमाशों को पुलिस ने तड़के हुई एक मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। यह पूरी घटना शुक्रवार सुबह लगभग 3 बजे की है, जब पुलिस को इनपुट मिला था कि आरोपी लूटे गए माल को ठिकाने लगाकर छिछामई के रास्ते लखनऊ एक्सप्रेसवे होकर भागने की योजना बना रहे हैं। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी की।

Firozabad पैर में गोली लगने से घायल हुआ मुख्य आरोपी

पुलिस द्वारा खुद को चारों तरफ से घिरा देख शातिर लुटेरों ने आत्मसमर्पण करने के बजाय पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें गिरोह के मुख्य सरगना सुमित उर्फ भोला के पैर में गोली लग गई। पैर में गोली लगते ही वह जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाया और मौके से भागने की कोशिश कर रहे उसके दो अन्य साथियों को भी दबोच लिया। घायल बदमाश को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Firozabad मिर्च झोंककर की थी वारदात, ₹19 लाख नकद बरामद

बदमाशों ने कुछ दिनों पहले शिकोहाबाद इलाके में एक सर्राफा कारोबारी को अपना निशाना बनाया था। उन्होंने व्यापारी की आँखों में तीखा मिर्च पाउडर डाल दिया था और रुपयों व जेवरात से भरा बैग छीनकर फरार हो गए थे। पुलिस ने अपराधियों के इस शातिर और क्रूर तरीके का पर्दाफाश करते हुए उन्हें दबोच लिया। एएसपी के कुशल निर्देशन में हुई इस मुठभेड़ के बाद पुलिस टीम ने आरोपियों के कब्जे से 19 लाख रुपये की भारी-भरकम नकदी, अवैध देसी तमंचा और भारी मात्रा में जिंदा कारतूस जब्त किए हैं।

Firozabad पुराने आपराधिक इतिहास को खंगालने में जुटी पुलिस

इस बड़ी सफलता के बाद पुलिस महकमे में उत्साह है। गिरफ्तार किए गए तीनों बदमाश बेहद शातिर किस्म के अपराधी हैं और इनका एक बड़ा नेटवर्क होने की आशंका है। स्थानीय पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमें अब इस अंतरराज्यीय गिरोह के पुराने आपराधिक इतिहास और अन्य वारदातों में इनकी संलिप्तता का पता लगाने के लिए गहन पूछताछ कर रही हैं। आसपास के जिलों की पुलिस से भी इनका रिकॉर्ड साझा किया जा रहा है।

ये भी पढ़े: Horrific road accident on the Dabra-Chinor road: अनियंत्रित ट्रक ने बाइक को रौंदा, महिला की मौत, पति-बच्चा घायल