NagpurNagpur
Spread the love

रिपोर्टर: अभिषेक सिंह

Nagpur : महाराष्ट्र के नागपुर से एक बेहद चौंकाने वाला और गंभीर मामला प्रकाश में आया है। यहाँ भारतीय वायुसेना (Air Force) के एक जवान की पत्नी ने अपने पूर्व सहपाठी (क्लासमेट) और उसके सहयोगियों पर नशीला पदार्थ खिलाकर सामूहिक दुष्कर्म करने, आपत्तिजनक वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने, काला जादू करने और डरा-धमकाकर जबरन धर्म परिवर्तन कराने का संगीन आरोप लगाया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी समेत दो लोगों को सलाखों के पीछे भेज दिया है, जबकि वारदात में शामिल एक मौलाना की गिरफ्तारी के लिए तलाश तेज कर दी है।

Nagpur नशीला पेय पिलाकर बनाए वीडियो, फिर ऐंठे लाखों रुपये

पुलिस में दर्ज कराई गई प्राथमिकी (FIR) के अनुसार, यह प्रताड़ना फरवरी 2025 से शुरू हुई थी। 24 वर्षीय पीड़िता का आरोप है कि उसके पुराने क्लासमेट अयाज मदारे ने एक होटल में मुलाकात के दौरान उसके ड्रिंक में कोई नशीला पदार्थ मिला दिया था। बेहोशी और अचेत अवस्था का फायदा उठाकर आरोपी ने उसकी बेहद आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो रिकॉर्ड कर लिए। इसके बाद, उन वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने और पति को भेजने की धमकी देकर महिला को लगातार ब्लैकमेल किया गया। आरोपी ने पीड़िता का कई बार शारीरिक शोषण किया और उससे डरा-धमकाकर करीब 4 लाख रुपये भी वसूल लिए।

Nagpur सम्मोहन, काला जादू और ‘कबूल है’ का जबरन खेल

इस पूरे मामले में सोशल मीडिया पर सामने आया एक वीडियो पुलिस के लिए सबसे अहम सबूत बन गया है। वीडियो में पीड़िता रोते हुए खुद को छुड़ाने की गुहार लगा रही है, जबकि आरोपी अयाज जबरदस्ती उसका हाथ पकड़कर उस पर कोई धार्मिक मंत्र फूंकता नजर आ रहा है। महिला का आरोप है कि आरोपी प्लास्टिक की बोतल में कोई संदिग्ध लिक्विड लाकर उसे जबरन पिलाता था और सम्मोहन (हिप्नोसिस) व काले जादू का दावा कर उसके साथ दुष्कर्म करता था। इतना ही नहीं, बीती 31 मई को आरोपी और उसका साथी अमीन शेख महिला को जबरन कलमेश्वर ले गए, जहां मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा निवासी एक मौलवी ने डरा-धमकाकर उससे जबरन निकाह और धर्म परिवर्तन की रस्में पूरी करवाईं।

Nagpur पुलिस की सख्त धाराएं और फरार मौलवी के लिए दूसरे राज्य में दबिश

मामले की गंभीरता को देखते हुए नागपुर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ दुष्कर्म, बार-बार यौन उत्पीड़न, जबरन वसूली, ब्लैकमेलिंग और जबरन धर्मांतरण के साथ-साथ महाराष्ट्र के अंधविश्वास और काला जादू विरोधी कानून के तहत कड़ी धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी अयाज मदारे और अमीन शेख को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस उपायुक्त (DCP) सुरेश रेड्डी का बयान: “पीड़िता की शिकायत के आधार पर सख्त कार्रवाई की जा रही है। घटना से जुड़े इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और मोबाइल फोन को जब्त कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है, जो इस मामले में पुख्ता सबूत बनेंगे। जबरन निकाह और धर्मांतरण कराने वाले फरार मौलाना की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की एक विशेष टीम को मध्य प्रदेश भेजा गया है और मामले के हर पहलू की गहराई से तफ्तीश की जा रही है।”

ये भी पढ़े: Neet Exam को लेकर केंद्र सरकार का बड़ा फैसला: भारत में टेलीग्राम पर लगी अस्थायी रोक