DelhiDelhi
Spread the love

रिपोर्टर: गनेश सिंह

Delhi : दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे उत्तर भारत में आतंक का पर्याय बने मोस्ट वांटेड गैंगस्टर वेंकटेश गर्ग को स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से गिरफ्तार कर लिया है। हरियाणा के अंबाला (नारायणगढ़) का रहने वाला वेंकटेश विदेश की धरती से भारत में अपना रंगदारी और हत्या का नेटवर्क ऑपरेट कर रहा था। एसटीएफ की ‘मोस्ट वांटेड’ सूची में शुमार इस अपराधी पर दो लाख रुपये का इनाम घोषित था। कानूनी प्रत्यर्पण (Extradition) की प्रक्रिया पूरी होने के बाद गुरुवार की सुबह उसे जॉर्जिया से डिपोर्ट कर भारत लाया गया, जहाँ कदम रखते ही सुरक्षा एजेंसियों ने उसे दबोच लिया।

Delhi बसपा नेता रज्जूमाजरा की हत्या कर भागा था जॉर्जिया

वेंकटेश गर्ग का नाम पिछले साल गुरुग्राम और अंबाला इलाके में तब तेजी से उछला, जब 24 जनवरी 2025 को नारायणगढ़ में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के नेता हरबिलास रज्जूमाजरा की ताबड़तोड़ फायरिंग कर बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। रज्जूमाजरा, जिन्होंने 2024 का हरियाणा विधानसभा चुनाव भी लड़ा था, अपने दोस्तों के साथ कार से जा रहे थे, तभी बदमाशों ने उन पर जानलेवा हमला किया था। इस वारदात में उनके एक दोस्त पुनीत को भी गोली लगी थी। इस हत्याकांड के दो दिन बाद पुलिस ने सागर नाम के एक शूटर का एनकाउंटर कर दिया था, लेकिन मुख्य साजिशकर्ता वेंकटेश गर्ग चकमा देकर जॉर्जिया भागने में सफल रहा था।

Delhi कपिल सांगवान गैंग से जुड़ाव; सोशल मीडिया से भर्ती करता था शूटर

जॉर्जिया पहुँचने के बाद वेंकटेश ने कुख्यात कपिल सांगवान गैंग के साथ हाथ मिला लिया। वह वहां बैठकर सुरक्षित तरीके से भारत में एक्सटॉर्शन (वसूली) का रैकेट चलाने लगा। जांच एजेंसियों के मुताबिक, वेंकटेश बेहद शातिर तरीके से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स का इस्तेमाल कर भारतीय युवकों को बरगलाता था और उन्हें अपने गैंग में बतौर शूटर भर्ती करता था। हरियाणा, दिल्ली, पंजाब और चंडीगढ़ में उसके खिलाफ हत्या, लूट, डकैती और रंगदारी के 12 से अधिक संगीन मामले दर्ज हैं।

Delhi भारतीय एजेंसियों के इनपुट पर कार्रवाई, कोर्ट से रिमांड की तैयारी

लगातार मिल रहे इनपुट्स के बाद भारतीय खुफिया एजेंसियों ने जॉर्जिया सरकार से संपर्क साधा। नतीजा यह हुआ कि नवंबर 2025 में वेंकटेश गर्ग को जॉर्जिया में ही गिरफ्तार कर लिया गया था। इसके बाद से ही भारत सरकार उसके प्रत्यर्पण की कानूनी कागजी कार्रवाई में जुटी थी। गुरुवार को दिल्ली एयरपोर्ट पर गिरफ्तारी दर्ज होने के बाद एसटीएफ आरोपी को कोर्ट में पेश करने की तैयारी कर रही है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि कोर्ट से उसकी अधिकतम दिनों की कस्टडी मांगी जाएगी, ताकि उसके पूरे नेटवर्क, मददगारों और हथियारों के स्रोतों का पर्दाफाश किया जा सके।

ये भी पढ़े: Nawada: ड्यूटी पर तैनात चौकीदार पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला, खून से लथपथ हालत में अस्पताल में भर्ती

You missed