रिपोर्टर: देवेन्द्र कुमार
Patna : आगामी 21 जून 2026 को आयोजित होने वाली नीट (UG) 2026 पुनर्करीक्षा को पूरी तरह से कदाचार-मुक्त, पारदर्शी और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए बिहार सरकार ने कमर कस ली है। इसी सिलसिले में पटना में मुख्य सचिव श्री प्रत्यय अमृत और पुलिस महानिदेशक (DGP) श्री विनय कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में परीक्षा के सफल संचालन हेतु “जीरो टॉलरेंस” नीति के तहत कड़े दिशा-निर्देश जारी किए गए। राज्य सरकार ने स्पष्ट किया है कि माननीय मुख्यमंत्री द्वारा पहले ही इसकी गहन समीक्षा की जा चुकी है और सरकार इस परीक्षा को बिना किसी त्रुटि के सुचारू रूप से संचालित करने के लिए पूरी तरह दृढ़ संकल्पित है।

Patna वायु सेना संभालेगी प्रश्न-पत्रों की सुरक्षा; ऐतिहासिक रणनीतिक बदलाव
नीट (UG) 2026 पुनर्करीक्षा की गोपनीयता को अभेद्य बनाए रखने के लिए इस बार एक ऐतिहासिक तकनीकी और रणनीतिक बदलाव किया गया है। डाक विभाग के समन्वय से भारतीय वायु सेना (IAF) के विशेष विमानों द्वारा प्रश्न-पत्रों को सीधे स्टेट हब्स तक सुरक्षित एयरलिफ्ट किया जाएगा। इस कदम से परीक्षा केंद्रों तक प्रश्न-पत्र पहुँचाने की अवधि घटकर मात्र 2 से 3 घंटे रह जाएगी, जिससे लीक या छेड़छाड़ की गुंजाइश खत्म हो जाएगी।

इस परीक्षा के लिए राज्य के 34 जिलों के 35 शहरों में कुल 331 परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं, जिसमें कुल 1,56,061 परीक्षार्थी (81,165 छात्र और 74,896 छात्राएं) शामिल होंगे। सर्वाधिक 95 परीक्षा केंद्र पटना जिले में बनाए गए हैं, जहाँ सबसे अधिक 46,029 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। इसके अलावा दरभंगा, मुजफ्फरपुर, गया, सीवान और मोतिहारी जैसे जिलों में भी बड़ी संख्या में परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
Patna सोशल मीडिया पर चौबीसों घंटे नजर और कोचिंग सेंटरों पर सख्त पहरा
परीक्षा की शुचिता और गरिमा को अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक (DGP) की ओर से बेहद कड़े प्रशासनिक व सुरक्षा निर्देश जारी किए गए हैं। इसके तहत सोशल मीडिया के सभी डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर पुलिस की चौबीसों घंटे पैनी नजर रहेगी, और यदि कोई भी असामाजिक तत्व प्रश्न-पत्र लीक का झूठा दावा करता है या किसी भी तरह की अफवाह फैलाता है, तो उसके खिलाफ तुरंत प्रिवेंटिव अरेस्ट (निवारक गिरफ्तारी) की सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, ऐसी किसी भी भ्रामक खबर का तुरंत खंडन करने के लिए प्रशासन द्वारा त्वरित संदेश (Rapid Rebuttal) भी जारी किए जाएंगे।
सुरक्षा के दायरे को बढ़ाते हुए राज्य के सभी कोचिंग संस्थानों का अनिवार्य निरीक्षण करने का फैसला लिया गया है, जहां आईबी (IB) और एलआईयू (LIU) से मिलने वाले इनपुट्स के आधार पर संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त रहे संस्थानों पर चौबीसों घंटे कड़ी निगरानी रखी जाएगी।
इसके अलावा परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा और फ्रिस्किंग के नियमों को बेहद कड़ा किया गया है; प्रत्येक केंद्र पर 1 ड्यूटी मजिस्ट्रेट और 1 पुलिस टीम लीडर की तैनाती अनिवार्य होगी, और परीक्षार्थियों की संख्या के अनुपात में प्रति केंद्र 3 से 14 सुरक्षाकर्मी फ्रिस्किंग ड्यूटी में लगाए जाएंगे। महिला अभ्यर्थियों की जांच के लिए बंद घेरे में केवल महिला सुरक्षाकर्मियों की ही प्रतिनियुक्ति की जाएगी, और पूरी व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए परीक्षा ड्यूटी पर तैनात किसी भी अधिकारी या कर्मी का ट्रांसफर 22 जून 2026 से पहले प्रभावी नहीं किया जाएगा।
Patna परीक्षार्थियों के लिए मुफ्त बस सेवा; अभिभावकों के लिए सत्तू और छांव की व्यवस्था
भीषण गर्मी को देखते हुए बिहार सरकार ने परीक्षार्थियों और उनके साथ आने वाले अभिभावकों के लिए विशेष राजकीय व्यवस्थाएं की हैं:
- मुफ्त परिवहन और स्टेशन सुरक्षा: परीक्षा में शामिल होने वाले सभी परीक्षार्थियों को बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (BSRTC) की बसों में मुफ्त सफर की सुविधा मिलेगी। साथ ही रेल पुलिस (GRP) को रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में सुरक्षा व अस्थायी ठहराव के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं।
- अभिभावकों के लिए शेड और ओआरएस: परीक्षा केंद्रों से 100 मीटर की सीमा के बाहर अभिभावकों के बैठने के लिए छायादार शेड बनाए जाएंगे। स्थानीय स्वयंसेवी संस्थाओं (NGOs) के सहयोग से शुद्ध पेयजल, सत्तू, ओआरएस (ORS) के पैकेट और मेडिकल मोबाइल यूनिट की मुस्तैदी रहेगी।
गौरतलब है कि 21 जून को ही ‘अंतरराष्ट्रीय योग दिवस’ भी है। मुख्य सचिव ने स्पष्ट किया है कि दोनों आयोजनों के लिए दो अलग-अलग समर्पित प्रशासनिक और पुलिस टीमें काम करेंगी। योग दिवस के कारण परीक्षा रूट के यातायात में कोई बाधा नहीं आनी चाहिए और किसी भी गतिरोध की स्थिति में नीट (NEET) परीक्षा की सुरक्षा और आवश्यकताएं सर्वोपरि रहेंगी।

