GwaliorGwalior
Spread the love

रिपोर्टर: सन्‍तोष सरावगी

Gwalior : जिले के डबरा थाना क्षेत्र के लखिया गांव से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक पिता और उसके बेटों पर अपनी ही 33 वर्षीय शादीशुदा बेटी जूली गुर्जर की गला दबाकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगा है। इतना ही नहीं, जुर्म को छिपाने के लिए शव को आग के हवाले कर दिया गया और उसके अवशेषों को खेत व कुएं में फेंक दिया गया। वारदात के 26 दिन बाद जब इस खौफनाक साजिश का पर्दाफाश हुआ, तो प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया।

Gwalior प्रेम प्रसंग के चलते हुआ था विवाद, 8 मई की रात को दी खौफनाक सजा

मृतक महिला जूली की शादी डबरा देहात क्षेत्र के भेसनारी गांव में हुई थी, लेकिन वह अपने पति को छोड़कर मायके (लखिया गांव) में रह रही थी। बताया जा रहा है कि जूली का किसी अन्य युवक से प्रेम प्रसंग था, जिसके चलते वह बीती 5 मई को घर से अचानक गायब हो गई थी। परिजनों की शिकायत पर देहात थाना पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर उसे ढूंढ निकाला और परिवार को सौंप दिया था।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, 8 मई की रात को इसी बात को लेकर जूली और उसके पिता किशन गुर्जर के बीच तीखी बहस हुई। विवाद इतना बढ़ा कि परिजनों ने मिलकर जूली की गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद रात के अंधेरे में शव को खेत ले जाकर जला दिया गया और बची हुई राख व अवशेषों को कुएं तथा खेतों में बिखेर दिया गया ताकि कोई सबूत न बचे।

Gwalior 26 दिन बाद खुला राज, पिता और तीन भाई पुलिस हिरासत में

लगभग 26 दिनों तक इस राज को दबाकर रखा गया, लेकिन जैसे ही पुलिस को इसकी भनक लगी, पूरा प्रशासनिक अमला अलर्ट हो गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) जयराज कुबेर, एसडीओपी सौरभ कुमार, आईपीएस मनोज कुमार और सिटी थाना प्रभारी संजय शर्मा भारी पुलिस बल के साथ लखिया गांव पहुंचे।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका के पिता किशन गुर्जर और उसके तीन भाइयों—दीपक गुर्जर, रामसेवक गुर्जर और अजय गुर्जर को हिरासत में ले लिया है। संदेहियों से लगातार पूछताछ की जा रही है।

Gwalior रात भर चला सर्च ऑपरेशन, पुख्ता सबूतों की तलाश जारी

एएसपी जयराज कुबेर का कहना हैं कि “फिलहाल यह मामला आधिकारिक रिकॉर्ड में गुमशुदगी का है। हालांकि, हत्या और शव को नष्ट करने के आरोपों के बाद पुलिस टीम बेहद सक्रियता से काम कर रही है।”

पुलिस की फॉरेंसिक टीम और स्थानीय बल ने आरोपियों की निशानदेही पर रात भर उस खेत और कुएं के आसपास गहन सर्च ऑपरेशन चलाया, जहां अवशेषों को फेंके जाने की बात सामने आई है। पुलिस घटना से जुड़े ठोस और वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के प्रयास में जुटी है ताकि मामले की कड़ियों को पूरी तरह जोड़ा जा सके।

ये भी पढ़े: Iran Policy पर डोनाल्ड ट्रंप को बड़ा झटका, अमेरिकी प्रतिनिधि सभा ने सैन्य शक्तियों को सीमित करने का प्रस्ताव किया पास