रिपोर्टर: अविनाश श्रीवास्तव
Rohtas : बिहार के रोहतास जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है, जहां नोखा थाना क्षेत्र के जगनगरा गांव में पारिवारिक विवाद के चलते एक युवक ने संदिग्ध जहरीला पदार्थ खाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। मृतक की पहचान 35 वर्षीय जयप्रकाश कुमार के रूप में हुई है। इस घटना के बाद से पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
Rohtas अचानक बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में तोड़ा दम
स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, जयप्रकाश को अचानक तेज उल्टियां होने लगी थीं। जब घर और आस-पास के लोगों ने उनकी हालत बिगड़ते देखी, तो वे तुरंत उन्हें नजदीकी अस्पताल ले गए। हालांकि, डॉक्टरों ने उन्हे बचाने के भरसक प्रयास किए किन्तु, तमाम प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। शुरुआती जांच और चर्चाओं के मुताबिक, युवक ने ग्रह क्लेश के चलते घर में रखी कोई आपत्तिजनक या जहरीली दवा खा ली थी, जिसके बाद उनकी तबीयत लगातार खराब होती चली गई।
Rohtas पत्नी से विवाद के बाद उठाया आत्मघाती कदम
गांव में चर्चा है कि घटना से ठीक पहले जयप्रकाश का अपनी पत्नी के साथ किसी बात को लेकर तीखा विवाद हुआ था। इसी घरेलू अनबन और मानसिक तनाव के चलते उन्होंने यह आत्मघाती कदम उठाया।
परिजनों का बयान: मृतक के रिश्तेदार कृष्ण कुमार ने बताया कि अभी स्पष्ट रूप से यह नहीं कहा जा सकता कि जयप्रकाश ने कौन सी जहरीली चीज खाई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह साफ हो पाएगी।
Rohtas पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सासाराम के सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस प्रशासन ने इसे अप्राकृतिक मौत (यूडी केस) का मामला मानते हुए घटना के हर पहलू की बारीकी से तफ्तीश शुरू कर दी है।
ये भी पढ़े: Arrah के मेडिकॉन हॉस्पिटल में कमाल: 4 साल पुराने 1 किलो के ट्यूमर का सफल ऑपरेशन, डॉक्टर ने बचाई मरीज की जान

