ArrahArrah
Spread the love

रिपोर्टर: नेहा गुप्‍ता

Arrah : बिहार के आरा से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां मोबाइल पर रील देखने से मना करने पर एक गर्भवती महिला ने खौफनाक कदम उठा लिया। पति की डांट से नाराज होकर महिला ने जहरीला पदार्थ खा लिया, जिसके बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। यह पूरी घटना आरा शहर के टाउन थाना क्षेत्र के बिंद टोली मोहल्ले की है।

Arrah अस्पताल में इलाज के दौरान हुई मौत

शुक्रवार की रात जब महिला ने गुस्से में आकर जहर खा लिया, तो आनन-फानन में उसे आरा सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने उसे बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। इस अप्रत्याशित घटना के बाद अस्पताल परिसर और मृतका के परिवार में कोहराम मच गया। मृतका की पहचान 24 वर्षीय पार्वती देवी के रूप में हुई है, जो पटना जिले के मनेर थाना अंतर्गत महिनावां गांव के गोविंद महतो की पत्नी थी।

Arrah कुछ दिन पहले ही मायके आई थी मृतका

पार्वती देवी के भाई धनु कुमार ने बताया कि उसकी बहन और जीजा गुजरात के राजकोट में रहकर मजदूरी करते थे। पार्वती गर्भवती थी और करीब आठ दिन पहले ही वह राजकोट से आरा के बिंद टोली स्थित अपने मायके आई थी। शुक्रवार की रात मोबाइल पर रील देखने को लेकर पति-पत्नी के बीच कुछ अनबन हुई थी, जिसके बाद गुस्से में आकर उसने यह आत्मघाती कदम उठा लिया।

Arrah सोशल मीडिया की लत और मानसिक तनाव पर उठे सवाल

इस घटना ने एक बार फिर सोशल मीडिया की लत और उससे उपजे मानसिक तनाव को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मामूली सी बात पर उपजे गुस्से के कारण न सिर्फ एक युवा महिला की जान चली गई, बल्कि उसके गर्भ में पल रहे बच्चे की दुनिया भी उजड़ गई। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है।

ये भी पढ़े: NEET-UG 2026 पेपर लीक मामला: सीबीआई की बड़ी कार्रवाई, लेक्चरर पी.वी. कुलकर्णी गिरफ्तार