रिपोर्टर: योगेन्द्र सिंह
Raipur : छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में राजनीतिक पारा एक बार फिर चढ़ गया है। पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव द्वारा पेट्रोल-डीजल की कीमतों को लेकर व्यक्त की गई चिंता पर राजनांदगांव सांसद संतोष पांडे ने कड़ा पलटवार किया है। पांडे ने सिंहदेव के बयानों को राजनीति से प्रेरित बताते हुए उन्हें उनके स्वास्थ्य मंत्री रहते हुए किए गए कार्यों की याद दिलाई।
Raipur ‘वैक्सीन पर अफवाह फैलाने वाले अब ज्ञान न दें’
सांसद संतोष पांडे ने कोरोना काल का जिक्र करते हुए टीएस सिंहदेव पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा, “जब सिंहदेव प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री थे, तब उन्होंने और उनकी सरकार ने स्वदेशी वैक्सीन को लेकर जनता के बीच भ्रम फैलाने का काम किया था।” पांडे ने आरोप लगाया कि उस समय वैक्सीन की गुणवत्ता और एक्सपायरी डेट को लेकर अफवाहें फैलाई गईं, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने न केवल अपने नागरिकों को सुरक्षित किया, बल्कि दुनिया के कई देशों को वैक्सीन निर्यात कर अपनी क्षमता का लोहा मनवाया।
Raipur विकसित भारत और अर्थव्यवस्था पर जवाब
पेट्रोल-डीजल की कीमतों पर सिंहदेव की टिप्पणी को खारिज करते हुए सांसद ने कहा कि केंद्र सरकार देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और ‘विकसित भारत’ के संकल्प को पूरा करने की दिशा में निरंतर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि विपक्ष केवल नकारात्मकता फैलाने का काम कर रहा है, जबकि धरातल पर भारत ने वैक्सीनेशन से लेकर बुनियादी ढांचे के विकास तक ऐतिहासिक सफलता हासिल की है।
Raipur बीजेपी में ‘आयाराम-गयाराम’ पर बयान: ‘हमारा दरवाजा बहुत बड़ा है’
आम आदमी पार्टी के नेता राघव चड्ढा सहित अन्य विपक्षी नेताओं के भाजपा में शामिल होने की अटकलों पर संतोष पांडे ने स्पष्ट कहा, “भारतीय जनता पार्टी का दरवाजा बहुत बड़ा है।” उन्होंने आगे जोड़ा कि भाजपा में शामिल होने वाला व्यक्ति केवल एक सदस्य नहीं होता, बल्कि उसे पार्टी की विचारधारा और राष्ट्र निर्माण के सिद्धांतों के अनुरूप ढालकर एक निष्ठावान कार्यकर्ता बनाया जाता है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जो लोग राष्ट्रहित की मुख्यधारा से जुड़ना चाहते हैं, उनका स्वागत है।
Also Read This: Gold Silver Price Fall: 3 महीनों में सोना-चांदी में बड़ी गिरावट, जानिए वजह और आगे की स्थिति

