Report by: Ravindra Singh
Dindori : मध्य प्रदेश के डिंडोरी जिले के गाड़ासरई थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-45 पर एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया है। किकरातलाब चौराहे पर एक तेज रफ्तार सीमेंट राखड़ से भरे कैप्सूल कंटेनर ने सड़क किनारे खड़े लोगों को बेरहमी से कुचल दिया। इस दर्दनाक हादसे में 5 लोगों की असमय मौत हो गई है, जबकि कई अन्य घायल हैं। कंटेनर की रफ्तार इतनी भयावह थी कि उसने रास्ते में आने वाले भवन और दुकानों को भी खंडहर बना दिया।
Dindori सामाजिक कार्यक्रम से लौट रहे थे पीड़ित, रास्ते में बनी काल
जानकारी के मुताबिक, पिकअप वाहन में सवार लोग एक सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होकर वापस लौट रहे थे। सफर के दौरान किकरातलाब चौराहे के समीप पिकअप में अचानक तकनीकी खराबी आ गई। वाहन को ठीक करने के उद्देश्य से चालक और उसमें सवार यात्री नीचे उतरकर सड़क किनारे खड़े थे। इसी बीच गोरखपुर की दिशा से आ रहे एक अनियंत्रित और अत्यधिक तेज रफ्तार कैप्सूल ट्रक ने इन मासूम लोगों को अपनी चपेट में ले लिया।
Dindori मौत की रफ्तार: यात्री प्रतीक्षालय और होटल भी ढहे
चश्मदीदों के अनुसार, टक्कर इतनी जोरदार थी कि कंटेनर लोगों को रौंदने के बाद भी नहीं थमा। अनियंत्रित वाहन ने सड़क किनारे स्थित यात्री प्रतीक्षालय और एक होटल को भी अपनी चपेट में ले लिया, जिससे वे पूरी तरह ध्वस्त हो गए। इसके अलावा, एक धार्मिक स्थल ‘मढ़िया’ को भी भारी नुकसान पहुँचा है। ट्रक सड़क से काफी दूर जाकर रुका, जिससे मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।
Dindori मृतकों की पहचान और घायलों की स्थिति
हादसे में जान गंवाने वाले लोग ग्राम परसवाह, कर्वे मट्ठा और उफरी के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस घटना में एक व्यक्ति की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है, जिसे बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है। प्रशासन ने मृतकों के शोकाकुल परिवारों को हर संभव मदद और न्याय दिलाने का भरोसा दिया है।
Dindori पुलिस की कार्रवाई और फरार चालक की तलाश
हादसे की खबर मिलते ही डिंडोरी एसपी वाहिनी सिंह और बजाग एसडीएम अक्षय दिगरेश भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। प्रशासन ने बचाव कार्य चलाते हुए घायलों को अस्पताल पहुँचाया। गाड़ासरई थाना पुलिस ने आरोपी कंटेनर चालक के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। चालक दुर्घटना के तुरंत बाद मौके से फरार हो गया, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें दबिश दे रही हैं।
Also Read This: Morena: प्रेम में अंधी बेटी की रूह कंपा देने वाली करतूत, माता-पिता को जहर देकर रास्ते से हटाने की कोशिश

