पोषण से भरपूर नाश्ता, जो रखे दिनभर एनर्जेटिक
Chila : अगर आप सुबह के नाश्ते में कुछ हेल्दी, हल्का और पौष्टिक खाना चाहते हैं, तो बीटरूट और पनीर से बना हाई प्रोटीन चीला एक शानदार विकल्प है। चुकंदर (बीटरूट) फाइबर, आयरन, विटामिन और एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर होता है, जो शरीर में हीमोग्लोबिन बढ़ाने, वजन नियंत्रित रखने और त्वचा में निखार लाने में मदद करता है। वहीं पनीर प्रोटीन का अच्छा स्रोत है, जो आपको लंबे समय तक ऊर्जा देता है। यह रेसिपी स्वाद और सेहत का बेहतरीन मेल है।

आवश्यक सामग्री
- 1 मध्यम आकार का बीटरूट (चुकंदर)
- ½ कप बेसन
- ½ कप कद्दूकस या मसला हुआ पनीर
- 1 प्याज (कटे हुए टुकड़े)
- 1 टमाटर
- 1 हरी मिर्च
- 2 लहसुन की कलियां
- 1 छोटा चम्मच धनिया पाउडर
- 1 छोटा चम्मच मसाला (स्वादानुसार)
- नमक स्वादानुसार
- थोड़ा सा बटर या तेल सेंकने के लिए
बनाने की विधि
सब्जियों का पेस्ट तैयार करें
सबसे पहले बीटरूट को छीलकर छोटे टुकड़ों में काट लें। अब मिक्सर में बीटरूट के साथ प्याज, टमाटर, हरी मिर्च और लहसुन डालकर महीन पेस्ट बना लें। इस मिश्रण को एक बड़े बर्तन में निकाल लें।
बैटर तैयार करें
एक अलग बाउल में बेसन डालकर थोड़ा पानी मिलाते हुए स्मूद घोल तैयार करें। अब इसमें बीटरूट का पेस्ट और मसला हुआ पनीर मिलाएं। इसके बाद धनिया पाउडर, मसाला और नमक डालकर अच्छे से मिला लें। तैयार मिश्रण को करीब 10 मिनट के लिए ढककर रख दें, ताकि स्वाद अच्छी तरह सेट हो जाए।
चीला सेंकें
अब गैस पर तवा या पैन गर्म करें और उस पर हल्का सा बटर या तेल लगाएं। करछी की मदद से तैयार बैटर तवे पर डालें और गोल आकार में फैला दें। मध्यम आंच पर दोनों तरफ से सुनहरा और कुरकुरा होने तक पकाएं।
गरमागरम बीटरूट–पनीर चीला तैयार है। इसे हरी चटनी या दही के साथ परोसें और हेल्दी ब्रेकफास्ट का आनंद लें।
Also Read This: Horoscope: 24.02.2026, दुर्गाष्टमी पर किसे लाभ, किसे रहना होगा सतर्क

